रोहतक। सर्कुलर रोड स्थित होटल में चल रही 14 दिवसीय आध्यात्मिक प्रवचन शृंखला उपनिषद ज्ञानामृत एवं रूप ध्यान साधना के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धालु पहुंचे। स्वामी कृपालु महाराज की प्रचारिका रासेश्वरी देवी ने तीसरे दिन के सत्र में प्रत्येक जीव शाश्वत आस्तिक है विषय पर श्रोताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बिना किसी के सिखाए हर व्यक्ति जन्म से ही आनंद और शांति की तलाश में जुटा है। उन्होंने कहा कि ईश्वर स्वयं आनंद और शांति का स्वरूप हैं, इसलिए स्वयं को नास्तिक कहने वाला व्यक्ति भी जब जीवन में स्थायी आनंद, सत्य और न्याय की खोज करता है, तो वह अनजाने में ईश्वर को ही खोज रहा होता है।
विज्ञापन
जीवन की भागदौड़ और तनाव पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि लोगों ने धन, पद और भौतिक वस्तुओं को ही सुख का केंद्र मान लिया है जबकि ये केवल जीवन चलाने के साधन हैं।
उन्होंने कहा कि तनाव बाहर की परिस्थितियों से नहीं बल्कि मन की असीमित इच्छाओं से पैदा होता है जिसका समाधान भीतर के संयम और सही समझ से ही संभव है। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक भजन-संकीर्तन से हुई और समापन आरती के साथ संपन्न हुआ।