कोरोना से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण में स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 60 वर्ष से अधिक व 20 सह-रुग्णता श्रेणी वालों को कोविशील्ड वैक्सीन की पहली डोज लगाई। टीकाकरण अभियान के पहले दिन बुजुर्गों ने उत्साह दिखाया और पहली बार कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवाने वालों की जिला अस्पताल में कतार लगी। पहले दिन 89 लोगों को कोरोना से बचाव की वैक्सीन बगैर बुलाए लगाई गई। हालांकि जिला अस्पताल के अलावा पीजीआईएमएस, पॉली क्लीनिक, ऑक्सीजन अस्पताल व काएनोस अस्पताल में पोर्टल में तकनीकी समस्या के चलते टीकाकरण नहीं हो सका।
प्रधानमंत्री के कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवाने की सूचना मिलते ही बुजुर्गों ने जिला अस्पताल की ओर रुख किया और अपना आयु प्रमाण पत्र दिखा कर वैक्सीन लगवाई। इसी क्रम में पूर्व निर्धारित 20 सह-रुग्णता वालों ने भी अपने सर्टिफिकेट दिखाकर कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र आर्य ने बताया कि प्रबंधन की ओर से सम्मानित बुजुर्गों व सह-रुग्णता श्रेणी वालों के लिए विशेष इंतजाम किया हुआ था। ध्यान रखा गया था कि सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के साथ ही लाभार्थियों को टीकाकरण सेंटर पर प्रवेश करने दिया जाए। यहां पंजीकरण के लिए कविता व नेहा की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही टीका लगाने की जिम्मेदारी एमपीएचडब्ल्यू फीमेल बेबी की थी। आब्जर्वेशन में एनेस्थिसिया विभाग के डॉ. अजय सिंगला व नोडल अधिकारी के रूप में मौके पर मनोचिकित्सक डॉ. मनोज की नियुक्ति की गई। टीकाकरण अभियान के दौरान जिला सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला, जिला टीकाकरण अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनिलजीत त्रेहान मौके पर मौजूद रहे।
---
पोर्टल में हुआ सुधार, अब नहीं होगी समस्या
स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के लिए अनिवार्य पोर्टल में सुधार कर दिया है। बताया जा रहा है कि अब टीकाकरण में कोई समस्या नहीं आएगी। मंगलवार से विभाग की सभी टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। सोमवार को कोरोना की पहली डोज 89 को व दूसरी डोज 19 को दी गई है। जिले में अब तक 10731 लाभार्थियों को कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
--
आमजन बोले-
टीकाकरण के लिए काएनोस अस्पताल बुक कराया था, वहां पोर्टल नहीं चल रहा था। इस पर रिशैल्यूलिंग करवा कर जिला अस्पताल में आकर टीका लगवाया है। मेरी आयु 71 साल है। कोरोना से स्वयं बचना है तो टीका लगवाना जरूरी है। स्वयं की सुरक्षा के साथ समाज की सुरक्षा भी करना हमारी ही जिम्मेदारी है। वैक्सीन लगने के बाद कोई समस्या नहीं है, सभी को टीकाकरण करवाना चाहिए। मेरे टीकाकरण करवाने के बाद बैंक से कई सेवानिवृत्त साथियों ने भी वैक्सीन लगवाने के लिए उत्सुकता दिखाई है।
- एमएल अरोड़ा, सेक्टर 14
कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका बनी हुई है। दो लहर में हम काफी पिछड़ चुके हैं। अब जरूरी है कि कोरोना महामारी से बचा जाए ताकि देश के विकास की गति निरंतर चलती रहे। अब जब वैक्सीन आ गई है तो इसे लगवाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। मैने स्वयं को वैक्सीन लगवाई है मेरी आयु 64 है और लोगों से अपील करता हूं कि वह भी वैक्सीन लगवाएं।
- महेंद्र गुलाटी, हरी नगर
मेरी आयु 59 वर्ष है। कुछ शारीरिक समस्या है, जिनका उपचार चल रहा है। कोरोना संक्रमणकाल में जरूरी है कि टीकाकरण कराया जाए। सोमवार को अस्पताल गया था, लेकिन पोर्टल बंद होने के चलते टीका नहीं लग पाया। जैसे ही समस्या हटेगी टीका लगवा लूूंगा और सभी को चाहिए कि वह टीका लगवाएं। टीका लगने के बाद ही हम स्वयं को और अपने परिवार व समाज को कोरोना संक्रमण से बचा सकते हैं।
- श्यामलाल गोयल, जनता कॉलोनी
जिला सामान्य अस्पताल में वैक्सीन लगवाने आऐ लोगो की आईडी चेक करते कर्मचारी।