रोहतक। झज्जर रोड स्थित जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय में सोमवार को हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन की पब्लिक हेल्थ ब्रांच की बैठक हुई। जिला प्रधान राकेश लाकड़ा ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत से देश चलता है। हमारी जेब से मुनाफा कॉरपोरेट कमाते हैं लेकिन कर्मचारियों को सिर्फ शोषण और अपमान मिलता है।
राकेश लाकड़ा ने कहा कि मांगों को लेकर कर्मचारी 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में काम रोककर सड़कों पर उतरेंगे। राज्य उप प्रधान शिव कुमार धानक ने कहा कि चारों लेबर कोड को रद्द कर पुराने श्रम कानूनों की बहाली, मनरेगा की सच्ची बहाली व मजदूरी में वृद्धि, निर्माण श्रमिकों के पोर्टल को तुरंत खोला जाना आदि मुख्य मांगें हैं। इस दौरान प्रदीप, प्रदीप मलिक, राजेश खासा, राम मेहर मालिक, मुकेश, देवेंद्र, सतपाल दीपक संजय राजेंद्र सोनू मौजूद रहे।