ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने के लिए निगम अधिकारियों ने छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। जसिया बिजली घर के एसडीओ ने बुधवार को अन्य कर्मियों के साथ रिठाल, जसिया, ब्राह्मणवास में छापेमारी की। इस दौरान चार घरों में बिजली चोरी होती मिली तो उन पर 4.22 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया गया।
जसिया बिजली घर के एसडीओ जितेंद्र के अनुसार उनको बिजली चोरी की सूचनाएं मिल रही थी। मीटर लगे होने के बावजूद बिजली चोरी की जा रही थी। इस पर कर्मचारियों के साथ अभियान चलाया गया। एसडीओ के अनुसार बुधवार को वह अन्य कर्मियों के साथ रिठाल में पहुंचे, जहां एक जगह बिजली चोरी होती मिली। जसिया में एक जगह और ब्राह्मणवास में दो जगह बिजली चोरी होती मिली। दो जगह तो बिना कनेक्शन के बिजली चोरी हो रही थी तो वहीं दो जगह मीटर लगे थे। उसके बावजूद बिजली चोरी की जा रही थी। उन्होंने मीटर से पहले ही केबल में कट लगवाकर घर का काफी हिस्सा अलग किया था ताकि बिजली बिल कम आए। इस कारण ही चारों पर 4.22 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एसडीओ ने बताया कि पकड़े गए लोगों को जुर्माना जमा करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। यदि ये लोग जुर्माना की राशि जमा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। एसडीओ के अनुसार यह अभियान जारी रहेगा, जिससे बिजली चोरी को पूरी तरह से रोका जा सके।