पेपर तो 75 नंबर का करके आया था, नंबर ही कम आए। प्रदेश के विधानसभा चुनाव परिणाम में मुख्यमंत्री के नौ रत्न की विफलता और 75 पार का मुद्दा सोशल मीडिया पर कुछ यूं ही छाया रहा। दोपहर से ही चुनाव रुझानों को लेकर जनता जनार्दन ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करनी शुरू कर दी थी। शाम से पहले सोशल मीडिया पर ईवीएम पर उठ रहे सवालों को लेकर भी कटाक्ष तेज हो गए। किसी ने ईवीएम को पास किया तो किसी ने ईवीएम को बरी करार दिया।
प्रदेश में नई सरकार को लेकर हुए चुनाव परिणाम वीरवार को हर आम और खास के बीच चर्चा का विषय बने रहे। लोगों ने अपने विचारों को दूसरों के सामने कहने से ज्यादा सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने में दिलचस्पी दिखाई। यही वजह रही कि सोशल मीडिया दोपहर बाद से ही राजनीतिक दलों पर खुल कर कटाक्ष करना शुरू कर दिया। लोगों ने भाजपा के प्रति तल्खी दर्शाने में भी गुरेज नहीं की। लोगाें ने यहां तक कहा कि मुख्यमंत्री के नौरत्न को ही जनता से अस्वीकार कर दिया है। इसमें वित्त मंत्री, कृषि मंत्री, शिक्षा मंत्री, परिवहन मंत्री, सहकारिता मंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री की पत्नी व सामाजिक न्याय मंत्री शामिल हैं। एक पोस्ट में तो यह तक कहा गया है कि लूट गया दरबार, सारे मंत्री सीधे किए जनता ने.. ऐसे में भाजपा को आगे बढ़ने के लिए पुरानी गलतियों से सबक लेने की जरूरत है। ईवीएम की उपयोगिता पर लगातार उठ रहे सवाल को लेकर भी खूब कमेंट किए गए। लोगों ने कहा कि अब लगाओ ईवीएम पर आरोप। यही नहीं सरकार बनाने को लेकर भी कमेंट हुए। इसमें किसी ने जजपा के हाथ चाबी तो किसी ने निर्दलियों को किंग मेकर बताया।