रोहतक। शहर के झज्जर रोड स्थित सैनी धर्मशाला के पास शुक्रवार सुबह 11 बजे बुजुर्ग महाबीर कॉलोनी निवासी प्यारेलाल को बेटे के जन्म की खुशी पर मिठाई खिलाने का झांसा देकर युवक 27 हजार रुपये ले गया। इस संबंध में सिटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
महाबीर कॉलोनी निवासी प्यारेलाल ने बताया कि वे झज्जर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 30 हजार रुपये निकालकर पैदल घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने तीन हजार रुपये दूसरे बैंक खाते में जमा करा दिए थे जबकि शेष 27 हजार रुपये बैग में रखे हुए थे।
करीब साढ़े 11 बजे जब वे सैनी धर्मशाला के पास पहुंचे तो एक युवक ने उन्हें रोक लिया। बोला-ताऊ घर पर बेटा हुआ है। इसी खुशी में उन्हें मिठाई खिलाना चाहता है। इसके बाद बुजुर्ग को बहला-फुसलाकर आरोपी सैनी धर्मशाला की गली में ले गया।
आरोपी ने बातचीत के दौरान कहा कि उसके पास 200-200 रुपये के नोटों की गड्डी हैं। बदले में उसे 500-500 रुपये के नोट चाहिए। उसने बुजुर्ग को भरोसे में लेकर 27 हजार रुपये के 500-500 के नोट ले लिए और कहा कि वह अभी 200-200 रुपये की गड्डी लेकर आता हूं। इसके बाद युवक मौके से भाग गया।