संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से बनी सीवरेज समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को लेकर मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे किया गया। पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग पंचकूला के मुख्य अभियंता राजेश बंसल ने बहादुरगढ़ पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी नितिन कुमार व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ गणपति धाम, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया, सूर्या नगर और उद्योग विहार का निरीक्षण किया। इस दौरान कोबी अध्यक्ष प्रवीण गर्ग भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने सांखोल, बाराही फाटक, उद्योग नगर, गणपति धाम और कनेक्टिंग ड्रेनों का भी जायजा लिया। सीवरेज के संभावित फ्लो, पानी की निकासी और औद्योगिक क्षेत्रों को प्रस्तावित एसटीपी से जोड़ने की संभावनाओं का तकनीकी आकलन किया गया। प्रवीण गर्ग ने औद्योगिक क्षेत्रों की सीवरेज संबंधी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और पर्याप्त क्षमता वाले एसटीपी की मांग रखी।
गणपति धाम में नगर परिषद की प्रस्तावित सड़क से पहले पानी की लीकेज की जांच कर उसे ठीक किया जाएगा। इसके बाद सड़क का निर्माण होगा। प्रवीण गर्ग ने बताया कि डीसी वर्षा खंगवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में उद्योगों की समस्याएं उठाई गई थीं। कोबी सड़क, सीवरेज, जल निकासी, बिजली और पानी की समस्याएं लगातार संबंधित विभागों के समक्ष रख रहा है। संस्था ने एसटीपी की परियोजना को जल्द मंजूरी देकर निर्माण शुरू कराने की मांग की है।