-फोटो 87 : नाहरा-नाहरी रोड पर स्थित एक दुकान में खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
बहादुरगढ़। हरियाली तीज को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। 15 अगस्त को मनाए जाने वाले पर्व के लिए चूड़ियों, साड़ियों, सूट, कंगन और श्रृंगार के सामान की खरीदारी शुरू हो गई है। दुकानदारों ने भी पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। फिरोजाबाद से चूड़ियां और जयपुर से जर्किन व लाख के कंगन मंगाए गए हैं। राजस्थान की लहरिया और बंधनी साड़ियां महिलाओं की पसंद बनी हुई हैं।
रेलवे रोड के साड़ी विक्रेता पुरुषोत्तम, भारत भूषण और पीयूष जैन ने बताया कि हरे और गहरे रंग के कपड़ों की मांग अधिक है। चूड़ियों के साथ मेहंदी की भी खरीदारी बढ़ी है। मेन बाजार के मेहंदी विक्रेता दीपक कुमार ने बताया कि तीज पर महिलाएं मेहंदी लगवाने के लिए पहुंच रही हैं।
चूड़ी विक्रेता किशोर कुमार ने बताया कि नवविवाहिताओं में खासा उत्साह है। चूड़ी सेट 50 से 2500 रुपये तक में उपलब्ध हैं। सूट विक्रेता मोहित अग्रवाल ने बताया कि लहरिया, बंधनी और हरे रंग की साड़ियों की मांग है। इनकी कीमत 800 से 8000 रुपये तक है। सरारा, अनारकली और नायरा कट सूट भी युवतियों को पसंद आ रहे हैं। बाजारों में श्रृंगार की दुकानों और पार्लरों पर भी महिलाओं की भीड़ व बुकिंग बढ़ी है।