31...शहर के गांधी कैंप बाजार में दुकान से ईयर मफ आदि खरीदते ग्राहक। संवाद
रोहतक। ईयर मफ सर्दी में बच्चों को लुभा रहे हैं। कानों को सर्द हवाओं से बचाने वाला मफ बाजार में आकर्षक डिजाइनों में उपलब्ध है। हल्के व गहरे रंगों में ये शहर के गांधी कैंप बाजार, रेलवे रोड, किला रोड बाजार, पुराना बस स्टैंड, भिवानी स्टैंड, प्रताप बाजार व दुर्गा कॉलोनी बाजार आदि में आसानी से मिलते हैं।
अब मौसम के साथ गर्म कपड़ों के कारोबार में बदलाव भी होने लगा है। शहर में 1500 से अधिक दुकानों पर ये मिल रहे हैं और सर्दी में इनका खूब कारोबार हो रहा है।
साल के शुरुआत तक ऊंचाई पर रहे इनके दामों में अब गिरावट आने लगी है। आगामी दिनों में इस प्रकार की गिरावट बनी रहने के आसार है। गांधी कैंप के दुकानदार इंद्रपाल ने बताया कि दस दिन पहले तक जहां ईयर मफ के दाम 250 से 350 रुपये तक थे वहीं अब ये 150 से 250 रुपये तक आ गए हैं।
अब सर्दी करीब 10 से 15 दिन और ही मानी जा रही है। ऐसे में दुकानदार गर्म कपड़े या ईयर मफ का और स्टॉक नहीं ला रहे हैं। इसके चलते पहले रखे स्टॉक को खत्म करना उचित मान रहे हैं। वही दुकानदार कृष्ण ने बताया कि 600 रुपये तक कीमत वाले ईयर मफ भी उपलब्ध है। उनमें अलग अलग आवाज व लाइट भी होंगी। उनकी गुणवत्ता बेहतर है।
दुकान पर खरीदारी करने आई ग्राहक मीनाक्षी, पूजा व अन्य ने बताया कि केवल बच्चे ही नहीं बड़ी लड़कियां भी ईयर मफ लेना पसंद कर रही हैं। ये देखने में आकर्षक हैं और इनको पहन कर सेल्फी भी लेती हैं। मुलायम होने के साथ ही इसके डिजाइन भी उनको खूब पसंद आ रहे हैं जिसके चलते बाजार में इनकी मांग बनी हुई है।