रोहतक। शहर के अशोका चौक स्थित एक पान भंडार पर सोमवार को सिविल लाइन पुलिस ने छापा मारा। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग (एफडीए) के साथ मिल कर की गई इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में निकोटीन युक्त तंबाकू बरामद हुआ। इसमें फ्लेवर्ड तंबाकू के पाउच व पैकेट भी शामिल हैं। यहां से बड़ी संख्या में ई-सिगरेट व ई-हुक्का भी मिले।
सोमवार को पुलिस व एफडीए की साझा टीम अशोका चौक स्थित पान भंडार पर पहुंची। यहां ई-सिगरेट, ई-हुक्का व फ्लेवर्ड तंबाकू अवैध रूप से बेचे जाने की सूचना थी। दुकान संचालक अशोक वहां यह सामान बेचते हुए पाया गया। इस सामान की जांच के बाद सैंपल भरे गए।
डीसीओ डॉ. मनदीप मान ने बताया कि दुकान पर प्रतिबंधित फ्लेवर्ड तंबाकू बेचा जा रहा था। यहां वैधानिक चेतावनी लिखे बगैर बेचे जा रहे निकोटीन पदार्थ को भी बरामद किया गया है। यह सामान स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक है। यह पदार्थ कैमिकल फोर्म में है। यह ब्लड ब्रेन वैरियर का कारण बनता है। इससे मानव शरीर के आर्गन डैमेज हो सकते हैं। इसमें किडनी, हार्ट, ब्रेन व अन्य अंग शामिल हैं। सिगरेट एवं अन्य तंबाकू अधिनियम 2003 के तहत कार्रवाई की गई है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआई नरेश चंद ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने मस्त पान भंडार पर छापा मारा। यहां से अशोक नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इसके पास से प्रतिबंधित सामान बरामद हुआ। इसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।