रोहतक । जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से बचने के लिए लोग बड़े पैमाने पर ग्रीन नेट का उपयोग कर रहे हैं। बढ़ती मांग के चलते कारोबारियों को भी फायदा मिल रहा है। अप्रोच रोड, रेलवे रोड, पुरानी अनाज मंडी, झज्जर रोड, सोनीपत रोड, हिसार रोड, पुराना बस स्टैंड और भिवानी रोड समेत जिले के करीब 250 स्थानों पर ग्रीन नेट की बिक्री हो रही है।
अप्रोच रोड के कारोबारी महेश गोयल ने बताया कि फाइबर से बने ग्रीन नेट तेज धूप से बचाव में काफी उपयोगी हैं। बाजार में इनकी कीमत 3 से 6 रुपये प्रति वर्ग फीट तक है। 10, 20 और 50 फीट लंबाई में उपलब्ध ये नेट गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। लोग इनका उपयोग घरों, दुकानों और पौधों को तेज धूप से बचाने के लिए कर रहे हैं।
कारोबारी विनय और इंद्र के अनुसार, ग्रीन नेट की सप्लाई गुजरात के अहमदाबाद से रोहतक पहुंच रही है। रेलवे रोड निवासी परमजीत सिंह और रोहतास ने बताया कि मई में तापमान बढ़ने के कारण ग्रीन नेट की मांग तेजी से बढ़ी है।