रोहतक में नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने करतारपुरा, गढ़ी मोहल्ला व खोखराकोट में आठ सीसीटीवी कैमरे चालू किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों को सीधा डीएसपी व थाना प्रभारी के मोबाइल से जोड़ा गया है, ताकि हर गतिविधि पर बारिकी से नजर रखी जा सके। उधर, नशे के आरोपियों पर एंटी नारकोटिक्स सैल ने पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार
पुलिस ने रविवार को नशे के खिलाफ अभियान के तहत खोखराकोट, करतारपुर व गढ़ी मोहल्ला में सर्च अभियान चलाया था। छापेमारी के दौरान एनडीपीएस एक्ट व धोखाधड़ी के केस दर्ज कर तीन महिलाओं सहित आठ लोगों को काबू किया था। साथ ही मौके से 33 लाख 76 हजार 330 रुपये की नकदी, दो किलो से ज्यादा मादक पदार्थ, 30 लाख के करीब के जेवरात, 23 मोबाइल फोन, 79 एटीएम कार्ड, 2 कार्ड स्वाइप मशीन, 10 वाहन व अन्य सामान बरामद किया गया था।
करतारपुरा निवासी नरेश से 150 ग्राम गांजा, राजेश से चार ग्राम हेरोइन, प्रकाश से एक किलो 400 ग्राम गांजा, सरोज से 107 ग्राम अफीम व बिमला देवी से 197 ग्राम गांजा बरामद किया था। जबकि दिल्ली निवासी मनीष व करतापुरा निवासी हरिपाल से 71 डेबिट कार्ड, आठ ब्लैंक कार्ड, दो स्वाइप मशीन, एक लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन व कार बरामद की थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी हरिपाल 2023 में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने व 2020 में थाना शहर रोहतक में एक और मामला दर्ज है।
करतारपुरा में पसरा सन्नाटा, सबसे ज्यादा केस यहीं से पकड़े
पुलिस की कार्रवाई से करतारपुरा में सन्नाटा पसरा हुआ है। कोई मुंह खोलने के लिए तैयार नहीं है। संदिग्ध लोगों ने न केवल ठिकाना बदल लिया है, बल्कि कई रिश्तेदारों में भाग गए हैं। पुलिस लगातार एरिया में नजर बनाए हुए हैं। मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस ने रविवार को आठ में से पांच केस इसी एरिया से पकड़े थे।
अधिकारी के अनुसार
नशा तस्करी के सबसे ज्यादा केस करतारपुरा, खोखराकोट व गढ़ी मोहल्ला से सामने आ रहे हैं। वहां पर आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो रात को भी चालू रहते हैं। पुलिस के आला अधिकारियों के मोबाइल से भी कैमरों को जोड़ा गया है। साथ ही कंट्रोल रूम से भी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
-डॉक्टर रवींद्र कुमार, डीएसपी मुख्यालय।