रोहतक। जेएलएन नहर बंदी के साथ ही पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से शहर की करीब 15 कॉलोनियों में एक समय पानी की आपूर्ति की जा रही है। 4 जनवरी को जेएलएन में पानी आने के बाद दोनों समय आपूर्ति की जाएगी, लेकिन अब पब्लिक हेल्थ विभाग का बहाना नहीं चलेगा। सिंचाई विभाग ने मंगलवार को भालौठ सब ब्रांच नहर से 150 क्यूसिक पानी शहर के लिए लिफ्ट किया है, जिससे 4 जनवरी तक दोनों समय पानी की आपूर्ति देने की उम्मीद जगी है।
शहरी इलाके में पेयजल आपूर्ति के लिए जेएलएन नहर से जनस्वास्थ्य विभाग के जलघरों को पानी मिलता है। तभी शहर की जनता को पीने के लिए पानी मिलता है। जेएलएन नहर से पेयजल आपूर्ति 18 दिसंबर से ही बंद हो चुकी थी। अब 4 जनवरी को रोस्टर के मुताबिक पानी की आपूर्ति होनी है। इससे शहर के लोगों को सर्दी में बाहर से पानी लेकर आना पड़ रहा है। टेल तक पानी न पहुंचने के कारण विभाग द्वारा पानी के टैंकरों की आपूर्ति भी नहीं की जा रही है। इससे आमजन को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन विभाग सुचारू रूप से इसका संचालन नहीं कर पा रहा है। आमजन शिकायत भी भेज रहे हैं, उसके बाद भी सुनवाई नहीं की जा रही है।
इन इलाकों में मिलेगी दो समय पानी की आपूर्ति
शहर की जनता कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, बोहर गांव, बलियाणा, गढ़ी बोहर, रामगोपाल कॉलोनी, ताऊ नगर, विशाल नगर, देव कॉलोनी, अस्थल बोहर का आउटर इलाका, जसबीर कॉलोनी समेत अन्य कॉलोनियों में पेयजल समस्या बनी हुई है। यही नहीं कुछ कॉलोनियों में पानी का प्रेशर बिल्कुल भी न आने से समस्या ज्यादा पनपी हुई है, जिसका मुख्य कारण है लोग घरों में ज्यादा पावर की मोटर लगवा लेते हैं, इससे पानी की सप्लाई आगे जाने में समस्या आती है। अब इन इलाकों में 4 जनवरी से दोनों समय पेयजल आपूर्ति दी जाएगी।
वर्जन
भालौठ सब ब्रांच नहर से 150 क्यूसिक पानी लिया है। नहर आने का समय भी नजदीक है। इससे कुछ इलाके प्रभावित हैं, उनमें अब निरंतर सप्लाई आएगी। फिर भी समस्या है तो इसकी जांच की जाएगी।
- आरके शर्मा, अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य व अभियांत्रिकी विभाग।