रोहतक। एडीसी महेश कुमार ने कहा कि जल हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण घटक है। स्वच्छ जल को संरक्षित रखना हमारा नैतिक दायित्व भी है। आस्था के नाम पर नहरों में पूजा सामग्री न डालें। यह बात उन्हाेंने शनिवार को जाट कॉलेज में सुनो नहरों की पुकार मिशन द्वारा आयोजित पेंटिंग व स्लोगन प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि कही।
एडीसी महेश कुमार ने कहा कि जल को प्रदूषित होने से बचाने के लिए सबको मिलकर काम करना होगा। ताकि हमारी भावी पीढ़ी को मानकों के अनुसार शुद्ध जल प्राप्त हो सके। सुनो नहरों की पुकार मिशन के मुख्य संरक्षक डॉ. जसमेर हुड्डा ने महेश कुमार का स्वागत किया और मिशन की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पेंटिंग व स्लोगन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किया। इससे पहले जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।