रोहतक। हाड़ कंपाऊ ठंड में शून्य के नजदीक पहुंचा पारा व शीतलहर मिलकर दिल की धड़कन जकड़ने लगे हैं। यही वजह है कि पिछले 15 दिनों में हृदय घात के मामले लगभग दो गुना हो गए हैं।
पीजीआई में रोजाना ऐसे दस से ज्यादा केस पहुंच रहे हैं। शहर के दिल्ली बाइपास स्थित निजी अस्पताल में भी ऐसे 15 मामले रोज सामने आ रहे हैं। इसमें किसी के सीने में दर्द तो किसी के बाएं हाथ या सांस लेने में तकलीफ के लक्षण मिल रहे हैं।
इसी तरह का मामला मंगलवार को शहर की शिवम एन्कलेव कॉलोनी में सामने आया। यहां कृषि उपकरण विक्रेता राजेश शर्मा (51) का सोमवार-मंगलवार की रात हृदय घात के कारण निधन हो गया। दोपहर को वैश्य कॉलेज रोड स्थित शिव मुक्तिधाम में इनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया गया।
दिल की सेहत सर्दियों में विशेष ध्यान देने की मांग करती है। हृदय रोगियों को इन दिनों विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। नियमित रक्तचाप की जांच जरूरी है। इसमें सप्ताह में तीन-चार बार, सुबह-शाम ब्लड प्रेशर जांच अवश्य करें। ब्लड प्रेशर बढ़ता हुआ नजर आए तो तुरंत डॉक्टर से मिलें। कई बार दवा बढ़ाने की आवश्यकता पड़ सकती है। अत्यधिक ठंड में न टहलें। जिन लोगों को हृदय की समस्या है, उन्हें ठंड के बजाय दिन के समय या धूप निकलने पर टहलना चाहिए। पीजीआई में पिछले कुछ दिनों में हृदय घात के मामले में दो गुणा बढ़ गए हैं। संस्थान में रोजाना ऐसे 10 से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। -
डॉ धर्मपाल, हृदय रोग विशेषज्ञ, पीजीआई।
सर्दियों का शरीर पर पड़ता है सीधा असर
सर्दी के मौसम में तापमान गिरने व प्रदूषण बढ़ने से हमारे शरीर में कई बदलाव आते हैं। हमारा रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) बढ़ जाता है। शारीरिक क्षमता थोड़ी कम हो जाती है। नाड़ियां सिकुड़ जाती हैं। इन परिवर्तनों के कारण, विशेष रूप से हृदय रोगियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। इन कारणों से सर्दी में हार्ट अटैक के मामले बढ़ जाते हैं। विशेष रूप से सुबह के समय, हृदय संबंधी समस्याओं व स्ट्रोक का खतरा अधिक रहता है। ठंड के कारण हृदय घात के 15 केस रोज आ रहे हैं।
-डाॅ. आदित्य बतरा, हृदय रोग विशेषज्ञ।
ठंड में यूं करें हृदय घात से बचाव
हृदय घात से बचने के लिए चिकित्सक ठंड से बचाव रखने की सलाह दे रहे हैं। शरीर को गर्म रखने के लिए गर्म कपड़े पहनने, सिर-हाथ-पैर ढंकना), संतुलित व पौष्टिक आहार लेना, तले-भुने खाने से परहेज, नियमित हल्के व्यायाम करना, हाइड्रेटेड रहने के लिए गर्म पेय लेना, तनाव कम रखना, ब्लड प्रेशर, शुगर, कोलेस्ट्रॉल पर नजर रखते हुए दवाइयां समय पर लेना शामिल है।
4 डिग्री के पास बना है रात का पारा
ठंड में रात का पारा लगातार चार डिग्री के आसपास बना हुआ है। पिछले पांच दिनों में न्यूनतम पारा 6.8 डिग्री सेल्सियस से गिर कर 3.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
जिले में पिछले 5 दिन के तापमान का ब्योरा
तिथि अधिकतम पारा न्यूनतम पारा
13 जनवरी 15.0 3.8
12 जनवरी 16.3 3.2
11 जनवरी 15.6 4.0
10 जनवरी 16.2 5.0
09 जनवरी 15.6 6.0