रोहतक। सेवादल आश्रम में अपने कमाई से दो लाख 70 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपता मूलचंद।
- फोटो : RohtakCity
शहर के जवाहर नगर निवासी 71 वर्षीय मूलचंद रेहड़ी से कबाड़ एकत्रित करने का काम करते हैं, लेकिन उनका दिल बहुत बड़ा है। बुधवार को वे गोहाना रोड स्थित सती भाई साईं सेवादल के आश्रम में पहुंचे और अपनी नेक कमाई में से 2.70 लाख रुपये दान दिए। उन्होंने कहा कि भूख की तकलीफ को करीब से महसूस किया है। किसी को रोटी खिलाने में जो सुकून मिलता है वो और कहीं नहीं। मूलचंद कोचर का परिजन बंटवारे से पहले पाकिस्तान के गुजरांवाला में रहता था। विभाजन के बाद परिवार रोहतक आ गया। परिजनों ने खुद का काम धंधा खड़ा करने के लिए काफी मेहनत की। रेहड़ी के दम पर कबाड़ का कारोबार खड़ा किया है। पिछले करीब 20 साल से सामाजिक कार्याें से जुड़े हैं। आश्रम के बाहर प्याऊ भी बनवाई है। हर शिविर में जूतों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालते हैं।
अब कोरोना के संक्रमणकाल में महसूस किया कि उन परिवारों की सहायता की जाए, जिनके सामने दो वक्त की रोटी का संकट रहता है। पाकिस्तान से आए ज्यादातर परिवारों ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। पेट की अग्नि की आंच को करीब से महसूस किया है। इस कारण वे आज भूखों को खाना खिलाने में जुटी सती भाई साईं सेवादल के आश्रम में पहुंचे और सहायता राशि चेक के तौर पर प्रधान नरेश आनंद को सौंपी। उधर, प्रधान नरेश आनंद ने बताया कि पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, समाजसेवी नवीन जैन का सेवादल हर प्रकार को पूरा सहयोग मिल रहा है। शहर के सीनियर अधिवक्ता बच्चन राम अरोड़ा व उद्योगपति राजेश जैन भी आश्रम में पहुंचे और सेवादल के कार्य की सराहना की। सेवादल की तरफ से बुधवार को 10 हजार 240 लोगों को भोजन वितरित किया।