नारनौल। बहरोड चौक स्थित पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कुत्तों-बंदरों के आतंक से छात्राएं दहशत में हैं। विद्यालय परिसर में बेखौफ घूमते कुत्ते और बंदर कभी भी कक्षाओं, बरामदों और मैदान में घुस जाते हैं जिससे छात्राओं का कक्षाओं में बैठना भी मुश्किल हो गया है।
विद्यालय स्टाफ ने बताया कि अब तक दो-तीन छात्राओं को कुत्तों ने काट लिया है। बीएड की परीक्षा देने आई एक छात्रा और ड्यूटी पर तैनात एक अध्यापक को भी बंदरों ने काट लिया था।
हालात इतने गंभीर हैं कि स्कूल में दो पुरुष अध्यापकों को हर समय तैनात रहकर छात्राओं की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी रखनी पड़ रही है ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
नगर परिषद की ओर से शहर में आवारा कुत्तों और बंदरों को पकड़ने के किए जा रहे दावे खोखले साबित हो रहे हैं। वहीं छात्राओं की पढ़ाई और सुरक्षा सवालों के घेरे में है। कई बार स्कूल के ग्राउंड में कुत्तों और बंदरों का आमना-सामना हो जाता है और वे आपस में लड़ पड़ते हैं जिससे छात्राओं में डर का माहौल बन जाता है।
छात्राओं का कहना है कि कुत्ते-बंदर उनका बैग, टिफिन व अन्य सामान उठाकर ले जाते हैं और कई बार हमला भी कर देते हैं। विद्यालय में इस समय 850 छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं।
अध्यापकों का कहना है कि बंदर आए दिन स्कूल परिसर में बिजली के तार और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं। छात्राओं ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्कूल परिसर व आसपास के क्षेत्र से कुत्तों और बंदरों को पकड़ा जाए।
बाक्स
स्कूल में बंदरों व कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। इससे सभी परेशान हैं और स्कूल के अंदर कहीं आते-जाते समय इनके हमले का भय रहता है। इसलिए प्रशासन को इन्हें पकड़ने के लिए स्कूल में विशेष अभियान चलाना चाहिए। -योगिता, छात्रा।
बाक्स-
कुत्ते व बंदर आए दिन स्कूल में लड़ते रहते हैं और ये छात्राओं पर भी हमला बोल देते हैं। बंदर छात्राओं का खाने का सामान भी कई बार ले जाते है और किताबों को फाड़ देते है। हर समय इनके हमले का भय रहता है। स्कूल से कुत्तों व बंदरों को जल्द पकड़ना चाहिए।
वंशिका, छात्रा।
वर्जन:
पीएम श्री स्कूल में कुत्तों को पकड़ने के लिए जल्द टीम भेज दी जाएगी। बंदरों को पकड़ने की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही यह पूरी होगी सबसे पहले बंदर वहीं से पकड़े जाएंगे।
-सत्येंद्र सिंह, सफाई निरीक्षक नगर परिषद, नारनौल।