कलानौर में खुद पर भौंक रहे कुत्ते से बचने के लिए ईंट के टुकड़े से उसे मारना एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ गया।
कुत्ते के मालिक के तीन बेटों ने व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
इस संबंध में कलानौर थाने में मृतक के बेटे रिंकू उर्फ टीनू की शिकायत पर राजेश उर्फ रिंकू, अमित उर्फ काकू और कमल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
इनमें से दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दयानंद के परिजनों ने आरोपियों के पिता अविनाश उप्पल के खिलाफ भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि वारदात के समय वह भी मौजूद थे।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बेटे कलानौर वार्ड नंबर-6 निवासी रिंकू ने बताया कि उसके पिता दयानंद मिठाई की दुकान पर काम करते थे।
बृहस्पतिवार रात वह दुकान से काम कर घर लौट रहे थे। रास्ते में उसके मकान से लगभग दो सौ मीटर पहले अविनाश का मकान है। अविनाश का पालतू कुत्ता उसके घर के बाहर घूम रहा था। दयानंद को देखकर कुत्ता भौंकने लगा। दयानंद ने उससे बचने के लिए सड़क पर पड़ी ईंट का टुकड़ा उठा लिया और कुत्ते के नजदीक आने पर उसे मार दिया। कुत्ते के चिल्लाने की आवाज सुनकर अविनाश और उसके बेटे राजेश, अमित और कमल बाहर आ गए। तीनों भाइयों ने दयानंद पर लात व घूंसों से हमला कर उसे अधमरा कर दिया। इसके बाद जैसे-तैसे करके दयानंद भतीजे मुकेश की दुकान पर पहुंचा और घटना के बारे में जानकारी दी। पिटाई के बाद दयानंद की हालत गंभीर थी। मुकेश अपने साथी जितेंद्र के साथ दयानंद को बाइक पर लेकर अविनाश के घर पहुंचा। अभी वह आरोपियों से पिटाई का कारण पूछ ही रहा था कि दयानंद गिर पड़े। परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।