रोहतक। डोभ गांव के मगन उर्फ अजय के आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार मृतक की पत्नी दिव्या पुलिस को घुमा रही है। पहले दिल्ली में परिचित के पास मोबाइल फोन बता रही थी। अब कह रही है कि चंडीगढ़ में परिचित को दे रखा है। शुक्रवार को पुलिस ने एक दिन के रिमांड के बाद दोबारा कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने फिर से कोर्ट से एक दिन का रिमांड हासिल किया है।
पुलिस ने कहा कि केस में मोबाइल फोन बरामद करना बेहद अहम है, इसलिए दो दिन का रिमांड और चाहिए। बचाव पक्ष ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। केवल रिमांड लेना चाहती है।
दोनों पक्षों की बहस के बाद जेएमआईसी रवि अमितोज की अदालत ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर और भेज दिया। वहीं, जांच अधिकारी एएसआई संजय यादव का कहना है कि मामले में बैंक का रिकाॅर्ड मिला है, जिसमें मगन व दिव्या के बीच पैसे का लेनदेन दर्शाया गया है। अभी नकदी भी बरामद करनी बाकी है।
पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक, डोभ गांव निवासी मगन उर्फ अजय सुहाग ने 18 जून को गांव में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले मगन ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो पोस्ट किए थे, जिसमें उसने पत्नी दिव्या और उसके प्रेमी दीपक पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया था।
-
मगन के पिता ने पुलिस जांच पर जताया असंतोष
मगन के पिता रणबीर सिंह शुक्रवार को आईजी वाई पूर्ण कुमार से मिले और बहुअकबरपुर थाना पुलिस की जांच पर सवाल उठाए। आईजी कार्यालय के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए मगन के पिता ने कहा कि पुलिस ने पूरे तथ्य हाईकोर्ट में नहीं रखे। इसके कारण दीपक को जमानत मिल गई। दिव्या को पहले ही गोवा पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन रोहतक पुलिस अब लेकर आई। इतना ही नहीं, दिव्या के रिश्तेदारों के नाम पुलिस को पहले ही दे दिए थे, लेकिन पुलिस ने अब पूछताछ की।