रोहतक। जिलास्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। जिले के अलग-अलग खेल मैदानों में 23 और 24 अगस्त को खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए विभाग ने 15 से अधिक खेल मदौनों को चिह्नित किया।
ब्लाॅकस्तरीय स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने टूटे एथलेटिक कोर्ट में दौड़ लगाई थी। वहीं, जिलास्तर की प्रतियोगिता में भी राजीव गांधी खेल स्टेडियम को एथलेटिक कोर्ट के रूप में चिह्नित किया गया है। महम, सांपला, कलानौर, लाखनमाजरा व रोहतक ब्लॉक के 2500 खिलाड़ी जिलास्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। 23 से 27 अगस्त को लड़के-लड़कियों के मुकाबले होंगे।
सहायक शिक्षा अधिकारी-खेल ने बताया कि नवयुग शिक्षा निकेतन में तीरंदाजी, राजीव गांधी स्टेडियम में एथलेटिक, हॉकी, ताइक्वांडो, साइकिलिंग व करोटे, एसआरएस स्कूल खेड़ी साध में टेबल टेनिस व बैडमिंटन, आर्य बॉक्सिंग अकादमी सुनारिया में मुकेबाजी, एमएस सरस्वती स्कूल, जींद रोड में क्रिकेट, सैनी बॉयज स्कूल में शतरंज और नेट बॉल की प्रतियोगिताएं होंगी।
उन्होंने बताया कि नेकीराम कॉलेज के मैदान में फुटबॉल, गुरुकुल लाढौत में हैंडबॉल, छोटूराम स्टेडियम में अंडर-14, 17 व 19 लड़के-लड़कियों की कुश्ती, जिम्नास्टिक व जूडो, संस्कार वैली पटवापुर में कबड्डी, गुरुकुल लाढौत में खो-खो, स्विमजिम अकादमी नजदीक वीएन स्कूल गढ़ी माजरा में स्वीमिंग, जेड ग्लोबल में शूटिंग, बैडमिंटन व फुटबॉल, द स्टार ग्लोबल स्कूल भालौठ में टेनिस और वाॅलीबॉल, डीएवी सेंट्रल स्कूल में स्केटिंग, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक कलानौर में लड़कियों का भारोत्तोलन व महम खेल स्टेडियम में लड़कों का भारोत्तोलन, गुरुकुल सिंहपुरा में योग, श्रीराम यूनिवर्सल स्कूल, सोनीपत रोड में बॉस्केटबॉल व वीकेएम एसआर स्कूल में फेंसिंग, हिंदू कॉलेज मैदान में साॅफ्टबॉल प्रतियोगिता होगी।
-
वर्जन :
23 से होने वाली जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारी कर ली हैं। खेल स्टेडियमों की व्यवस्था को देखकर प्रतियोगिताओं के लिए चिह्नित किया है। ब्लॉकस्तरीय प्रतियोगिता में मैन एथलेटिक कोर्ट में कार्यक्रम होने से पुराने एथलेटिक कोर्ट में प्रतियोगिताएं करवानी पड़ी। इस बार मैन कोर्ट में ही एथलेटिक प्रतियोगिताएं होंगी।
- संजय कुमार, सहायक शिक्षा अधिकारी-खेल।