15सीटीके52 15 अप्रैल के अंक में प्रकाशित खबर।
रोहतक। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा मंगलवार शाम रोहतक पहुंचे और गुरुनानकपुरा डिस्पोजल व अमृत प्रोजेक्ट के तहत बने जलघर तृतीय का औचक निरीक्षण किया। साथ ही दोनों प्रोजेक्ट की रिपोर्ट मांगी। अधिकारियों ने कहा कि एक सप्ताह में बिजली कनेक्शन मिलते ही डिस्पोजल चालू हो जाएगा। साथ ही शहर में पानी स्टोर करने की क्षमता बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। अमर उजाला के 14 अप्रैल के अंक में दो साल बाद भी चालू न हो सके डिस्पोजल व 15 अप्रैल के अंक में पेयजल की किल्लत को प्रमुखता से उठाया गया था।
मंत्री रणबीर गंगवा मंगलवार शाम को शहर में पहुंचे और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, पार्टी नेता सतीश नांदल व अन्य के साथ बोहर के पास जेलएन नहर के निकट तृतीय जलघर का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने तालाबों के विस्तार के लिए निगम की ओर से हुए अमृत-1 के कार्यों का ब्योरा लिया। साथ ही अमृत-2 के तहत होने वाले कार्यों की भी योजना बनाने की हिदायत दी। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से निगम के अंतर्गत आने वाले आठ गांवों के लिए बनाए जाने वाले जलघर का प्रस्ताव भी रखा गया। इसका मंत्री ने जल्द ही प्रस्ताव पास कर निर्माण करवाने का आश्वासन दिया है। मंत्री ने कहा कि सीवरेज पाइपलाइन की सफाई करने के लिए हर जिले में सुपर सकर मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में उपरोक्त मशीन खरीदने का निर्णय लिया गया है।
16 एकड़ में जल्द बनाया जाए नया जलघर
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने मंत्री रणबीर गंगवा को बताया कि शहर की जनसंख्या 5 लाख से ज्यादा है। विभाग के पास इतनी क्षमता नहीं है कि नहर दोबारा आने तक सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। डीसी की अध्यक्षता में बैठक करके एक प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया है, जिसके तहत तिलियार झील के पास 16 एकड़ में नया जलघर बनाया जाए। जवाब में मंत्री गंगवा ने कहा कि विभाग उनके प्रस्ताव पर काम कर रहा है। इस मौके पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव गुप्ता, मुकेश कुमार व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
15सीटीके52 15 अप्रैल के अंक में प्रकाशित खबर।
15सीटीके52 15 अप्रैल के अंक में प्रकाशित खबर।