रोहतक। त्योहारी सीजन में बढ़ती बाजारों में भीड़, नगर निगम व पुलिस की अनदेखी और व्यापारी व ग्राहकों की लापरवाही महंगी पड़ने लगी है। 10 दिन बाद जिले में एक दिन में कोरोना संक्रमितों की संख्या 100 के पार चली गई। जबकि नगर निगम ने दिल्ली रोड पर मात्र 10 लोगों के मास्क न पहनने के नाम पर चालन काटकर कर ली। बाजारों में हर चौक व चौराहों में भीड़ व अतिक्रमण नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को 101 संक्रमित मरीज मिले हैं वहीं कोरोना से एक महिला की मौत हो गई है।
कोरोना संक्रमण की चपेट में टीचर, दुकानदार, विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक सहायक, डॉक्टर, नर्स, एसएचजी बैंक स्टाफ, बिजनेसमैन, आईजी कार्यालय, मजदूर, झज्जर कोपरेटिव बैंक का स्टाफ, दुकानदार, सीएचसी बेरी का डॉक्टर, एमबीबीएस द्वितीय वर्ष का छात्र, हरियाणा पुलिस का जवान, आईबी बैंक गोहाना का स्टाफ, गृहिणी, आटो चालक, पीएनबी बैंक, तहसील कार्यालय के कर्मचारी आदि हैं।
यहां मिले संक्रमित
एकता कॉलोनी, महम, डीएलएफ, शिवाजी कॉलोनी, कच्ची गढी मोहल्ला, रिठाल नरवाल, सुखपुरा चौक, शिवाजी कॉलोनी, राम नगर, दुर्गा कॉलोनी, रेवेन्यू कॉलोनी, शास्त्री नगर, राजीव कॉलोनी, प्रेम नगर, शास्त्री नगर, सेक्टर चार, तीन, दो, एक, मानसरोवर कॉलोनी, किला मोहल्ला, सुनारिया चौक, रेलवे रोड, मेडिकल कैंपस, गांधी नगर, मेडिकल मोड, गुरुनानक पुरा, चुन्नी पुरा, भारत कॉलोनी, आर्या नगर, जनता कॉलोनी, रामनगर, पटेल नगर, राम नगर, कलानोर, अग्रसैन कॉलोनी, भरत कॉलोनी, बालंद, जनता कॉलोनी, सेक्टर 14, आदर्श नगर, श्रीनगर कॉलोनी, सनसिटी, शोरा कोठी, कृपाल नगर, आंबेडकर नगर, विशाल नगर, सैनी आनंदपुरा, हाउसिंग बोर्ड, मोखरा, ककराना, खरकड़ा, मॉडल टाउन, शीतल नगर, हरी सिंह कॉलोनी, मदीना, लाहली आदि।
---
महम की 66 वर्षीय महिला ने तोड़ा दम
महम की 66 वर्षीय महिला ने कोरोना के उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। मरीज मिसेज प्रणामी अस्पताल महम कोविड सेंटर में उपचाराधीन थी। वह पिछले दो तीन दिनों से तेज बुखार से ग्रस्त थी। चिकित्सकों ने मरीज की मौत का कारण कोरोना के साथ कार्डिक अरेस्ट बताया है।
प्रशासन का भीड़ पर नियंत्रण नहीं
17 अक्तूबर से शुरू हुआ त्योहारी सीजन पूरे नवंबर माह चलेगा। खासकर धनतेरस व दीपावली पर खरीदारी के चलते भीड़ बढ़ने वाली है। इसके बावजूद प्रशासन बेपरवाह बना हुआ है। कोरोना के मिले आंकड़ों पर नजर डालें तो 30 अक्तूबर को जिले में एक दिन में 106 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद आंकड़ा 80 के नीचे ही चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को 101 लोग कोरोना की चपेट में आ गए। वहीं, किला रोड, रेलवे रोड, शौरी मार्केट, माल गोदाम रोड, गोहाना अड्डा, शांतमई चौक, झज्जर रोड, डी पार्क, मेडिकल मोड़, दिल्ली बाईपास से लेकर झज्जर रोड तक 80 प्रतिशत लोग बिना मास्क के नजर आए। यह लापरवाही लोगों पर फिर से भारी पड़ सकती है। प्रशासन को ओर से कोई सख्ती नहीं है।
............................
निगम की तरफ से शुक्रवार को दिल्ली रोड पर 10 वाहन चालकों के मास्क न पहने पर चालान काटे गए। साथ ही लोगों को सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। तंग बाजारों में अतिक्रमण करने वालों को फिर से सामान जब्त किया जाएगा।
-सुरेंद्र गोयल, एलओ, नगर निगम।