माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। हसनगढ़ के ढाबा संचालक गुलाब सिंह यादव हत्याकांड के दूसरे आरोपी यूपी के हाथरस जिले के गांव चांदनपुर निवासी रजत को स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए यूपी में मंदिर व धर्मशालाओं में रह रहा था। पुलिस ने दबिश देकर उसे बागपत के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी रजत ने बताया कि मालोक गौतम ने कहा था वारदात के बाद छह लाख रुपये मिलेंगे। इन्हें बराबर-बराबर हिस्सा बांट लेंगे
स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी एसआई अश्वनी अहलावत ने बताया कि हसनगढ़ निवासी देवेंद्र ने शिकायत दी थी कि उसके पिता गुलाब सिंह यादव ने चार साल से गांव के नजदीक सांपला-खरखौदा रोड पर ढाबा कर रखा है। दिन में वह और रात को उसके पिता ढाबा संंभालते थे।
28 दिसंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे पिता घर से ढाबे पर आ रहे थे। रास्ते में किसी ने उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। बाइक व मोबाइल फोन छीनकर ले गए। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि ढाबा संचालक की बेटी खुशबू किरायेदार यूपी के चांदनपुर निवासी मालोक गौतम उर्फ गगन के संपर्क में थी। दोनों शादी करना चाहते थे।
इस बात का पता उसकी मां रितु को भी था। आरोपी पिता को शादी में बाधा समझती थी, इसलिए मां-बेटी ने आरोपी मालोक के साथ साजिश रचकर हत्या करवा दी। पुलिस ने मालोक, खुशबू व रितू को गिरफ्तार कर चुकी है। चौथे आरोपी रजत को अब गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।