दंत चिकित्सक देवेंद्र की मौत आत्महत्या है या हत्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा। इससे पहले बुधवार को आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने आंबेडकर चौक पर जाम लगा दिया। किसी तरह एसडीएम व एएसपी ने परिजनों को समझाया। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय करेगी।
पुलिस के मुुताबिक, मंगलवार शाम को राजेंद्रा कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय देवेंद्र का पीजीआईएमएस स्थित हॉस्टल में फंदे से लटका शव मिला था। साथ में दो पेज का कथित सुसाइड नोट मिला था। सुसाइड नोट में देवेंद्र ने एक युवती व उसके पुरुष मित्र को मौत का जिम्मेदार ठहराया हुआ है। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट की एफएसएल से जांच करवाएगी। इसके बाद ही पता लग सकेगा कि यह सुसाइड नोट देवेंद्र ने खुद लिखा है या किसी ने साजिश के तहत रखा है। बुधवार को पुलिस ने डॉक्टरों के एक बोर्ड से शव का पोस्टमार्र्टम करवाया और वीडियोग्राफी करवाई। जब पुलिस पोस्टमार्टम करवा रही थी, तभी परिजन इस बात से नाराज हो गए कि पहले पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी करनी थी, उसके बाद पोस्टमार्टम करवाया जाता। जबकि गिरफ्तारी से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 20 से 25 लोग दोपहर बाद करीब ढाई बजे आंबेडकर चौक पर पहुंचे और रोड जाम कर दी। महिलाएं व पुरुष लाइन बनाकर सड़क पर खड़े हो गए। इससे वाहनों की लाइन लग गई।
हमें इंसाफ दिलवा दो, बहुत मेहनत से मुकाम तक पहुंचाया था
जाम की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पहले तो जाम लगाकर बैठे लोगों को पुलिस ने एक-एक करके रास्ते से हटाया। इसके बाद एसडीएम राकेश कुमार व एएसपी कृष्ण कुमार ने परिजनों से बात की। समझाया कि पुलिस व प्रशासन की मृतक के परिवार से सहानुभूति है। देवेंद्र के पिता बलजीत व भाई ने अधिकारियों से कहा कि, पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले ही पोस्टमार्टम करवा दिया। साथ ही उनको शक है कि देवेंद्र ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। इसमें युवती व उसके पुरुष मित्र के अलावा तीन-चार अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्हें इंसाफ चाहिए, एक पिता ने बहुत मेहनत करके बेटे को इस मुकाम तक पहुंचाया था। परिवार की महिलाएं खासकर देवेंद्र की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। वह अपने आंसू नहीं पोंछ पा रही थी।
एएसपी बोले, दोबारा करवा देते हैं पोस्टमार्टम
भीड़ में से कुछ लोग कह रहे थे परिजनों को सूचित किए बिना पोस्टमार्टम करवा दिया गया। इस पर एसपी ने कहा कि, अगर वे लिखकर देते हैं तो दोबारा बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा देते हैं। वीडियोग्राफी भी होगी। इसके लिए पांच सदस्यीय कमेटी को एएसपी कार्यालय बुलाया गया। वहां परिजनों को बताया गया कि पिता के हस्ताक्षर के बाद डॉक्टरों के एक बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया है। साथ ही वीडियोग्राफी भी हुई है। अगर दोबारा पोस्टमार्टम करवाना है तो बताएं। इसके बाद परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग छोड़ दी। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को परिजनों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया।
मेरे बेटे को इंसाफ चाहिए, नहीं करवाया दोबारा पोस्टमार्टम
शव का पोस्टमार्टम हो गया था। अगर दोबारा होता तो और समय लगता। ऐसे में एक बार ही पोस्टमार्टम करवाया। मेरे बेटे को इंसाफ चाहिए। बड़ी मेहनत करके उसे यहां तक पहुंचाया था।
- बलजीत सिंह, मृतक देवेंद्र के पिता
वर्जन
दंत चिकित्सक देवेंद्र की मौत आत्महत्या है या हत्या, यह अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। साथ ही पुलिस हर कोण से जांच कर रही है। पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होगा।
- कृष्ण कुमार, एएसपी रोहतक
-------
सुसाइड नोट की होगी एफएसएल जांच
पुलिस को मौके से दो पेज का एक सुसाइड नोट मिला है। जो मृतक देवेंद्र के नाम से लिखा गया है। इसमें एक युवती व एक युवक को जिम्मेदार ठहराया गया है। सुसाइड नोट को एफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट से पता लग सकेगा कि यह देवेंद्र ने लिखा है या नहीं।
- सब इंस्पेक्टर प्रमोद गौतम, थाना प्रभारी पीजीआईएमएस