जेआर किसान होम्योपैथी कालेज एवं अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि डेंगू एक वायरल है।
यह लाइलाज नहीं है, इसलिए इससे घबराने की जरूरत नहीं है। डेंगू के उपचार को लेकर कालेज में बृहस्पतिवार को चिकित्सकों की बैठक हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि डेंगू के मरीजों को मुफ्त में दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
होम्योपैथी मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. आरपी सक्सेना ने बताया कि इस तरह का वायरल वर्षा ऋतु के अंतिम दिनों में होता है। घरों मेें व आसपास पानी का ठहराव न होने दें।
अगर यह है तो उसमें मिट्टी का तेल डालकर रखें ताकि मच्छर का लारवा पनपने न पाए।
बुखार होने पर घबराएं नहीं, चीनी नींबू का घोल बराबर पीते रहें।
डॉ. सक्सेना ने बताया कि बुखार होने पर टेस्ट आवश्यक है। इसमें लापरवाही न बरतें। बीस हजार से कम प्लेट्लेट्स होने पर तथा शरीर किसी हिस्से से लगातार रक्त बहने की स्थिति में प्लेटलेट्स दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि जींद बाईपास के निकट उनके अस्पताल में डेंगू के मरीजों को मुफ्त में दवाइयां दी जा रही हैं।
ये रहे बैठक में उपस्थित
डेंगू से निपटने की व्यवस्था बनाने के लिए हुई बैठक में कालेज के चेयरमैन डा. सुरेश नांदल, डा. एचएन शर्मा, डॉ. इजाज अहमद, कम्यूनिटी मेडिसन विभाग के डॉ. अश्विनी आर्य, डॉ. एके गुप्ता, डॉ. प्रवीण त्यागी, डॉ. सुरजीत सिंह, डॉ. निशा, डॉ. कविता, डॉ. सुमन आंतिल, डॉ. सुमन बलहारा व डॉ. सोनिया सैनी उपस्थित हुई।