डेंगू और चिकनगुनिया के अभी तक 72 केस आ चुके हैं सामने
- फोटो : amar ujala
डेंगू से पीड़ित मरीज की मौत का पहला मामला सामने आया है। पीजीआईएमएस में उपचाराधीन मरीज ने दोपहर के समय दम तोड़ दिया। मरीज को शहर के एक निजी अस्पताल से पीजीआईएमएस के लिए रेफर किया गया था। हालांकि पीजीआईएमएस अधिकारिक तौर पर डेंगू की पुष्टि नहीं कर रहा, वहीं स्वास्थ्य विभाग भी डेंगू पीड़ित की मौत के बावजूद अनजान बना हुआ है।
डेंगू और चिकनगुनिया से लगातार जिले में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अभी तक चिकनगुनिया और डेंगू के करीब 72 केस सामने आ चुके हैं। वहीं अस्पतालों में आठ हजार से भी ज्यादा मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं और ये संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को पीजीआईएमएस में उपचाराधीन 51 वर्षीय सुरेंद्र निवासी जसराना जिला सोनीपत ने दम तोड़ दिया। जिसे कुछ देर पहले ही पीजीआईएमएस में लाया गया था। सुरेंद्र के चेचेरे भाई विजय कुमार ने बताया कि उन्हें पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। शनिवार को उन्हें दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने सुबह आने के कहा। रविवार सुबह वह फिर से अस्पताल पहुंचे, वहां पर डॉक्टरों ने जांच की और डेंगू की पुष्टि की। इसके बाद उसे पीजीआईएमएस के लिए रेफर कर दिया। पीजीआई में उपचार के दौरान सुरेंद्र ने दम तोड़ दिया। जिले में लगातार बढ़ते डेंगू और चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या और संदिग्ध की मौत के बावजूद स्वास्थ्य विभाग को अभी रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं पीजीआईएमएस के अधिकारियों ने अभी इसकी अधिकारिक पुष्टी करने से इनकार कर दिया।
दो दिन में पीजीआई में पांच सौ मरीज भर्ती
पीजीआईएमएस और सिविल अस्पताल में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार शाम से रविवार शाम तक पीजीआईएमएस में बुखार के पांच सौ ज्यादा मरीजों को भर्ती कराया गया। इसके अलावा ओपीडी में भी मरीजों की संख्या आठ हजार के पार पहुंच रही है।
डेंगू से मरीज की मौत का कोई मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। इस संबंध में पीजीआईएमएस से रिपोर्ट मांगी जाएगी, जिसके बाद ही कुछ कहा जाएगा।
- डॉ. कुलदीप सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन