फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीबीआई से जांच कराकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने और शहीद का दर्जा देने की मांग

विज्ञापन
विज्ञापन
कामेेश उर्फ रौनक हत्याकांड को लेकर रविवार को पाड़ा मोहल्ला स्थित वाल्मीकि मंदिर की लाइब्रेरी में समाज की पंचायत हुई। इस दौरान वाल्मीकि समाज के लोगाें ने हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने तथा कामेश को शहीद का दर्जा दिलाने की मांग की। साथ ही समाज की 10 सदस्यीय कमेटी गठित कर सीएम से मिलने का भी निर्णय लिया गया। पंचायत खत्म होने के बाद पाड़ा मोहल्ले से आंबेडकर चौक तक समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने सीएम को संबोधित एक मांग पत्र ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सांपला के तहसीलदार गुलाब सिंह को दिया।
विज्ञापन

यह था मामला
पाड़ा मोहल्ला निवासी राजेश लोहट ने पुराने सब्जी मंडी थाने में शिकायत दी थी कि उनका बेटा कामेश उर्फ रौनक (26) एमबीए दूसरे वर्ष का छात्र था। वह सोमवार की शाम अपने दोस्तों से मिलने तेज कॉलोनी में गया था। वहां पर दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में रौनक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पूरी वारदात कैमरे की फुटेज में कैद हो गई। इस पर पुलिस ने मामले में तेज कॉलोनी के दो सगे भाइयों राहुल उर्फ नाली व सन्नी को गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला कि वारदात के दिन आरोपी राहुल ने एक लड़की से अभद्र व्यवहार किया था। इसका कामेश व उसके साथियों ने विरोध किया था। आरोप है कि झगड़े में आरोपी राहुल ने चाकू से कामेश पर दो वार कर दिए थे। इससे उसकी पीजीआई में मौत हो गई थी।
पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं परिजन
पंचायत के दौरान परिजनों ने पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं होने की बात कही। उनका कहना है कि पुलिस राजनीतिक दबाव में आकर आरोपियों को बचाने में लगी हुई है।
विज्ञापन

सुबह 11 से ढाई बजे तक चली पंचायत
पाड़ा मोहल्ला स्थित वाल्मीकि मंदिर की लाइब्रेरी में वारदात को लेकर रविवार को समाज की पंचायत हुई। पंचायत सुबह 11 बजे शुरू होकर दोपहर ढाई बजे तक चली।
युवाओं ने जाम लगाया
दोपहर करीब ढाई बजे पंचायत खत्म हुई। इसके बाद पाड़ा मोहल्ले से वाल्मीकि समाज के एकत्रित लोग पुराना गोहाना अड्डा, गोहाना अड्डा व सुभाष रोड से होते हुए आंबेडकर चौक पर पहुंचे। इस दौरान कुछ युवाओं ने थोड़ी देर के लिए रोड जाम भी किया, लेकिन समाज के लोगों ने उन्हें समझाकर सड़क से हटा दिया।
पंचायत में ये लोग रहे मौजूद
पाड़ा मोहल्ला में हुई पंचायत में दिल्ली से आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री संदीप वाल्मीकि, चंडीगढ़ से स्वामी चंद्रपाल, आंबेडकर क्रांति मिशन, वाल्मीकि छात्र महासभा, छात्र एकता मंच, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी, झज्जर से सुरेश कुमार टांक, डॉ. अजय तंवर, पानीपत से रविंद्र तोशामड़, फूल कुमार बोहत, कैथल से जयदीप व रामकुमार, सोनीपत से रणबीर सिंह, असंध से सचिन, राजन बोहत, नीलोखेड़ी से राजेंद्र, करनाल से सोनिया तंवर, भिवानी से विक्रम सिंह व अनूप सिंह मौजूद रहे।
कामेश के पिता बोले, रणधीर के बारे में मुझे पता नहीं
पाड़ा मोहल्ला निवासी कामेश के पिता राजेश लोहट ने डीएसपी गोरखपाल राणा को लिखित में शिकायत दी है। इसमें उन्होंने कहा है प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक व्यक्ति मामले में दो महिलाओं को उकसा रहा है। उस व्यक्ति का नाम रणधीर बताया जा रहा है। मामले में दोनों महिलाओं सहित तीनों की भूमिका की जांच की जाए। अब रणधीर किसी कांग्रेसी नेता का चालक है या नहीं। यह मुझे पता नहीं है। वहीं, कामेश के चचेरे भाई एवं वकील महेश लोहट का कहना है कि आंबेडकर चौक पर कौन मीडिया को क्या बयान दे रहा है, परिवार को पता ही नहीं है। पूरे मामले में जब कांग्रेस नेता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मुझे इस संबंध में किसी तरह की जानकारी नहीं है।
कामेश की हत्या के आरोपियों में दो सगे भाईयों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अभी पुलिस की जांच चल रही है। झगड़े के समय की वीडियो की दोबारा जांच होगी। जांच में अगर कोई और दोषी मिला तो उसे नहीं बख्शा जाएगा।
विज्ञापन

-गोरखपाल राणा, डीएसपी मुख्यालय
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें