गुजरात में भारत-पाक सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान बलराज दांगी के खाते में पश्चिम बंगाल से तीन लोगों ने सेंध लगा दी। इस दौरान आरोपियों ने दस-दस हजार रुपये तीन बार में निकाल लिए, जबकि जवान या उसके परिवार के सदस्य नेट बैंकिंग का प्रयोग नहीं करते हैं। खास बात यह रही कि दो बार रुपये निकालने के बाद पीड़ित की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई थी। इसके बाद भी रुपये निकाले गए हैं। अब पुलिस ने शिकायतकर्ता व तीनों आरोपियों के खातों को सीज करवा दिया है।
पुलिस के मुताबिक मदीना गांव निवासी बलराज दांगी ने शिकायत भेजी है कि वह 79 बटालियन बीएसएफ में मुख्य आरक्षक के तौर पर गुजरात में भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात हैं। उनकी पत्नी व बच्चे गांव में ही रहते हैं। उनका हिसार रोड रोहतक स्थित एसबीआई की शाखा में खाता है। वह और उनका परिवार नेट बैंकिंग का प्रयोग नहीं करता है। एक एटीएम कार्ड उनके पास व एक घर पर पत्नी के पास रहता है। उन्होंने बताया कि 26 मई 2021 को उनके खाते से शौकत हुसैन, कुसाम मंडी दक्षिण दीनापुर (पश्चिम बंगाल), 28 मई को रुबल राणा निवासी दक्षिण दीनापुर(पश्चिम बंगाल) व 7 जून को प्रदीप सरकार निवासी उत्तर दीनापुर (पश्चिम बंगाल) के खाते में तीन बार (दस-दस हजार) में 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। जबकि उसके पास कोई ओटीपी नहीं आया और न ही किसी से लेनदेन किया।
बीएसएफ जवान ने एसपी को लिखित शिकायत भेजकर बताया है कि उसने 3 जून को बहुअकबरपुर थाने में मामला दर्ज कराया था, जिसमें उन्होंने अपने खाते से दो बार (दस-दस हजार रुपये) में 20 हजार रुपये निकालने की शिकायत की थी। इसके बावजूद 7 जून को उसके खाते से 10 हजार रुपये और निकाल लिए गए। अब पुलिस ने जवान व तीनों आरोपियों के बैंक खातों को सीज करवा दिया है।