महम। कुछ दिनों से महम में नये स्थान पर बस स्टैंड बनाने की चर्चा है। पुराना बस स्टैंड का भवन जर्जर हो चुका है। हरियाणा रोडवेज के जीएम संजीव तिहाल ने उपायुक्त को पत्र लिखकर नये बस स्टैंड के लिए जमीन की मांग की है। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जमीन तलाश करने के लिए जीएम के नेतृत्व में कमेटी का गठन कर दिया है।
वीरवार को जीएम संजीव तिहाल वर्कशॉप मैनेजर सुरेंद्र सिवाच समेत कमेटी ने महम क्षेत्र का दौरा किया। गांव किशनगढ़ पंचायत की दो जगह जमीन है। पंचायत की ओर से सरकार को जमीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पास हो चुका है। इसमें एक बहलबा रोड के साथ रूपा वाला तालाब की सात एकड़ जमीन है। दूसरी चैतन्य स्कूल के पास चार एकड़ जमीन का निरीक्षण किया।।
कमेटी के सदस्य एवं रोडवेज वर्कशॉप मैनेजर सुरेंद्र सिवाच ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने दो स्थानों की रिपोर्ट बनाकर डीसी को सौंप दी है। सोमवार को डीसी सचिन गुप्ता कमेटी सदस्यों के साथ वार्ता कर निर्णय ले सकते हैं।
भाजपा कार्यकर्ता अजीत अहलावत, जसमेर गोयत, प्रेम गोयत व अन्य क्षेत्रवासियों का कहना है कि बाईपास पर भिवानी रोड क्रॉसिंग के आस पास अगर बस स्टैंड बनता है तो गोहाना, भिवानी, हिसार व दिल्ली जाने वाली बसों का आवागमन आसान होगा।
लोगों को भी आने जाने में सुविधा होगी। यहां पर सरकार को जमीन की तलाश करनी चाहिए। वहीं पुराने बस स्टैंड पर बसें नहीं जा रही हैं। दिल्ली, हिसार जाने वाली बसें अब अलग-अलग सड़कों से होकर जाती हैं। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।