रोहतक। किसान सभा ने ओलावृष्टि से फसल में शत प्रतिशत नुकसान होने के चलते सरकार से 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा मांगा है। किसानों को इस आपात स्थिति में राहत के लिए यही बेहतर मदद होगी। इससे वह अपना व अपने परिवार का भरण पोषण कर पाएगा।
किसान सभा के राज्य महासचिव सुमित सिंह ने कहा कि ओलावृष्टि से फसलों को 100 प्रतिशत नुकसान हुआ है। कई गावों में ओलावृष्टि की भयंकर मार से फसल पूरी बर्बाद हो गई है। किसानों को संकट की स्थिति से उबारने के लिए 50 हजार रुपये एकड़ मुआवजा देना चाहिए।
संगठन के जिला प्रधान प्रीत सिंह ने कहा कि सरकार को क्षतिपूर्ति और पोर्टल की औपचारिकताओं में किसानों को उलझाने के बजाय अधिकारियों को गांवों में जाने के निर्देश देने चाहिए। स्पेशल गिरदावरी करा कर किसानों को उनके नुकसान से अवगत कराएं। नुकसान का सही आंकलन दर्ज करें। किसान सभा ने रविवार को समरगोपालपुर, खरेंटी, टिटोली, भगवतीपुर, घिलौड़ गावों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इस मौके पर भूप सिंह टिटोली, गांधी, राज सिंह, जयकरण घडोठी, उमेद खरेंटी, अजीत सिंह शामिल रहे।