संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। बाबा मस्तनाथ मठ के बाहर दिल्ली रोड सोमवार से छह माह के लिए बंद कर दिया गया है। अंडरपास बनाने की वजह से यह बंद रहेगा। पीडब्ल्यूडी की ओर से यहां करीब 4 करोड़ की लागत से अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान दिल्ली व रोहतक से आवागमन करने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्ट रहेगा।
पीडब्ल्यूडी की ओर से मस्तनाथ मठ के सामने से गुजरने वाले दिल्ली रोड पर अंडरपास बनाया जाना है। निर्माण कार्य के चलते 1 जून से यह मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान दिल्ली की ओर आवागमन करने वाले सभी वाहनों को वैकल्पिक रूट से भेजा जाएगा।
कनिष्ठ अभियंता मोहित कुमार ने बताया कि रोहतक से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अब तिलियार चौक से वाया आईएमटी होकर दिल्ली जाना होगा।
वहीं, रोहतक की ओर आने वाले वाहन दिल्ली रोड पेट्रोल पंप के पास से वाया ओमैक्स सिटी होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। पुलिस ने डायवर्जन पॉइंट पर साइन बोर्ड लगाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी व मठ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यहां अंडरपास बनाया जा रहा है। इस पर करीब 4 लाख रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य 6 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वर्जन
पीडब्ल्यूडी की ओर से मस्तनाथ मठ के बाहर अंडरपास का निर्माण करवाया जाएगा। सोमवार को खोदाई के कारण मार्ग को बंद किया जाएगा। वाहनों का डायवर्जन तय कर दिया गया है। सभी चौक पर रविवार तक रिफ्लेक्टर, बैरिकेड, टेप व संकेत बोर्ड लगा दिए जाएंगे। -प्रवीन कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर।