पिता बनने के बाद पहली बार मॉडल टाउन आवास पहुंचे सांसद दीपेंद्र सिंह
- फोटो : amar ujala
‘जिब दादा बणया है तो मिठाई भी बांटेगा’ कहते हुए सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बुजुर्ग को गले लगा लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे बधाई देने से बात नहीं बनेगी, पोते को आशीर्वाद देने दिल्ली आना पडे़गा, क्योंकि वह छोटा है। वह सोमवार को गुड़गांव से दिल्ली घर आ जाएगा।
पिता बनने के बाद पहली बार मॉडल टाउन आवास पहुंचे सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का उनके समर्थकों ने पूरी गर्मजोशी से स्वागत किया। कांग्रेस की सत्ता जाने के बाद दीपेंद्र हुड्डा को दादी हरदेवी की मौत ने झकझोर दिया था। इसके बाद परिवार में पहली बार खुशी का माहौल है। रविवार को जब सांसद अपने आवास पर पहुंचे तो समर्थकों ने उन्हें सड़क पर ही गाड़ी से उतार लिया। सड़क पर ही सभी ने उनका मुंह मीठा कराते हुए पिता बनने पर बधाई दी। कार्यकर्ताआें की भीड़ के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति हो गई। सांसद ने सभी को घर बुलाया। सांसद 15 अगस्त की अल सुबह निकाली जाने वाली प्रभात फेरी में शिरकत करने पहुंचे हैं।