रोहतक। ओमेक्स सिटी में सैर करने गए बुजुर्ग को कार सवार युवक ने सीधी टक्कर मार दी। घायल बुजुर्ग को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इस संबंध में आईएमटी थाने में बीएनएस 109 के तहत जानलेवा हमला करने का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार ओमेक्स सिटी निवासी 65 वर्षीय महेंद्र सिंह ने दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे का पेट्रोल पंप संभालता है। 22 जुलाई को सुबह सैर करने के लिए साइकिल पर जा रहा था। आरोप है कि शमशेर उससे रंजिश रखता है। आरोपी कार लेकर आया और उसे घुरते हुए आगे-पीछे कार चलाने लगा। आरोपी के साथ तीन साल पहले भी झगड़ा हुआ था। वह साइकिल से उतरकर सेक्टर-27 के पास लघुशंका के लिए चला गया। आरोप है कि अचानक से शमशेर कार लेकर आया और उसे सीधी टक्कर मारी। उसे टक्कर मारने के लिए दो-तीन बार कार को आगे-पीछे किया। वह बेहोश होकर गिर गया। उसे होश आने पर खुद को अस्पताल में पाया। पुलिस ने घायल की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।