एमआईपीएमटी पेपर लीक करने वाले गिरोह के सरगना रुप सिंह दांगी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है।
डीजीपी यशपाल सिंघल ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इनाम घोषित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इधर एक माह से दांगी को पकड़ने में नाकाम पुलिस ने छापामारी तेज कर दी है।
सूत्रों की मानें तो कोटा के रास्ते से मध्यप्रदेश से लगने वाले शहरों और निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) के नजदीकी एमपी के क्षेत्रों में भी दबिश दी जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से रिजल्ट पर रोक लगाए जाने के बाद पुलिस पर दांगी को गिरफ्तार करने का दबाव बढ़ गया है। कोर्ट ने पुलिस को तेजी से जांच पूरी करने के आदेश दिए हैं।
अगली सुनवाई 10 जून को होनी है। ऐसे में पुलिस ने दांगी पर एक लाख रुपये का इनाम रख आखिरी दांव भी चल दिया है।
बता दें कि 3 मई को एआईपीएमटी का पेपर हुआ। रोहतक रेंज आईजी की टीम ने चार युवकों को गिरफ्तार कर पेपर लीक होने का खुलासा किया। सामने आया कि गिरोह के तार पूरे देश में फैले हैं और मदीना गांव का रहने वाला रुप सिंह दांगी गिरोह का सरगना है। उसने राजस्थान के बहरोड में बैठकर पेपर सॉल्व करवाया और व्हाट्स एप के जरिए ब्लूटूथ अंडर गारमेंट्स से आंसर-की अपने उम्मीदवारों तक पहुंचाई। लेकिन खुलासे के एक माह बाद भी पुलिस दांगी तक नहीं पहुंच पाई है। हरियाणा, राजस्थान, यूपी में कई जगह दबिश देने के बाद भी सुराग नहीं लगा तो आईजी श्रीकांत जाधव की ओर से दांगी पर इनाम रखने की सिफारिश डीजीपी को की गई। डीजीपी ने इस सिफारिश को मंजूरी दे दी है। पुलिस अभी तक मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इन नंबरों पर दें सूचना
दांगी की सूचना देने केलिए रोहतक पुलिस ने दो अधिकारियों केनंबर जारी किए हैं। डीएसपी अमित भाटिया के मोबाइल नंबर 8222944103 और क्राइम ब्रांच सेकंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय के मोबाइल नंबर 8222944113 पर सूचना दी जा सकती है। डीएसपी अमित भाटिया ने बताया कि दांगी का सुराग देने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा।