रोहतक। मुख्यमंत्री मनोहरलाल के निर्देशानुसार नशामुक्त हरियाणा अभियान की जागरूकता के दृष्टिगत एक से 25 सितंबर तक साइकिल रैली आयोजित होगी। प्रत्येक जिला में भी नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। पुलिस विभाग को राज्यस्तरीय साइकिल रैली के नोडल विभाग बनाया गया है। यह जानकारी उपायुक्त अजय कुमार ने दी।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत जिलास्तर पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक जिला में प्रबुद्ध व्यक्ति द्वारा साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, सभी प्रतिभागियों के लिए शपथ समारोह होगा। नशा मुक्ति अभियान से जुड़े स्थानीय गैर सरकारी संगठनों को भी अभियान के साथ जोड़ा जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा धार्मिक गुरुओं, सामाजिक संगठनों तथा इस दिशा में कार्य कर रहे रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों की भी मदद ली जाएगी। नशा मुक्त हरियाणा विषय पर ड्राइंग व पेंटिंग प्रतियोगिता इत्यादि आयोजित करवाई जाएंगी। प्रत्येक जिला में साइकिल रैली का रूट नशीले पदार्थों के लिए संवेदनशील गांव/क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थाएं इत्यादि को ध्यान में रखकर तैयार किया जायेगा तथा यह रैली शहर के केंंद्रीय स्थल पर सम्पन्न होगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान के तहत नशा के संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जाएंगे तथा जिला की कैमिस्ट एसोसिएशन को साइकिल रैली से जोड़ा जाएगा।