रोहतक। साइबर ठगों ने फिर दो ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार ठगों ने पुलिसकर्मी को भी ठग लिया है। वहीं, दूसरी ओर एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर ठगी कर ली है। दोनों ही मामलों में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसआई के खाते से निकाले 30 हजार
शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को दी शिकायत में आईआईएम चौकी में तैनात एएसआई अमित कुमार ने बताया कि उसके खाते से 30 हजार रुपये ठगों ने निकाल लिए हैं। एएसआई ने बताया कि उसका एक खाता यूको बैंक, बारोतीवाला, बद्दी शाखा हिमाचल प्रदेश में है। 16 दिसंबर की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे उसके मोबाइल फोन पर एक पेमेंट लिंक मिला। जिसमें कुल 1100 रुपयों का भुगतान करना था। लेकिन खाते से 10 हजार 11 रुपये का भुगतान हो गया। पेमेंट हो जाने के बावजूद भी उक्त कंपनी की साइट पर पेमेंट फेल्ड दिखाई। उसे फिर से एक लिंक मिला। जिसमें भी 1100 रुपयों का भुगतान होना था, लेकिन लिंक पर क्लिक करते ही खाते से फिर से 20 हजार 11 रुपये कट हो गए।
कस्टमर केयर कर्मचारी बन खाते से उड़ाए 64,178 रुपये
जनता कॉलोनी चौकी पुलिस को दी शिकायत में कमल गर्ग ने बताया कि वह वैश्य कॉलेज रोड का रहने वाला है। 18 दिसंबर की रात करीब साढ़े 8 बजे उसने गूगल से पीएनबी कस्टमर केयर का नंबर सर्च कर डायल किया। उक्त नंबर पर बातचीत करने वाले पीएनबी नेट बैंकिंग की वेबसाइट खोलने के बाद कार्ड की डिटेल मांगी। पीएनबी का कार्ड न होने पर ठग ने किसी अन्य बैंक के कार्ड की डिटेल मांगी। डिटेल लेने के बाद ठग ने एक कोड स्कैन करने के लिए भेजा। जिसे स्कैन करते ही उसके क्रेडिट कार्ड से क्रमश: 15000, 9450, 10000, 10000, 1530, 10198, 8000 रुपये यानि कार्ड से कुल 64178 रुपये कट गए।