बहादुरगढ़। रेलवे रोड पर पार्किंग की व्यवस्था न होने से वाहन चालक और व्यापारी भी खासे परेशान हैं। त्योहारी सीजन हो तो शहर के बाजारों में पांव रखने तक की जगह नहीं बचती। बाजार में आने वाले ग्राहक इस समस्या से काफी परेशान हैं। नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि रेलवे रोड पर पार्किंग के लिए जगह का चयन करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जल्द ही यहां पर पार्किंग व्यवस्था करने का काम नगर परिषद की ओर से किया जाएगा।
रेलवे रोड शहर का सबसे लंबा मार्ग है। यहां पर 150 से अधिक दुकानें हैं। रोजाना हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। रेलवे स्टेशन भी इसी मार्ग पर है। खरीदारी के लिए आने वाले लोग बाजारों में अपने हिसाब से वाहन पार्क करके चले जाते हैं। जिससे सड़क पर जाम के हालत बन जाते हैं और राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से रेलवे रोड पर सफेद पट्टी भी खीचीं हुई है, लेकिन उसके बाद भी वाहन बेतरतीब सड़क पर कई-कई फुट तक खड़े रहते है। इन वाहनों के कारण भी अतिक्रमण व जाम की समस्या को बढ़ावा मिलता है।
यहां लगता है जाम
रेलवे रोड पर सबसे ज्यादा जाम की समस्या रोहतक रोड के मुंहाने पर, मोड़ से 40 मीटर अंदर, विश्वकर्मा चौक के नजदीक और काठ मंडी में रहती है। इन स्थानों पर वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े देखे जा सकते हैं। हालांकि ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था बनाने में लगी रहती हैं, इसके बावजूद हालात सामान्य नहीं हो पाते। राहगीर सुरेंद्र, सुभाष व प्रवेश ने कहा कि रेलवे रोड पर सुबह 10 बजे, दोपहर 2 से 3 बजे तक और शाम 6 बजे के बाद पैदल राहगीरों को भी दिक्कतें आती हैं। अगर प्रशासन ने पार्किंग की व्यवस्था नहीं की तो लोगों को भी बाजारों से दूर गाड़ियां खड़ी करनी चाहिए।
पार्किंग हो तो न लगे जाम
लाइनपार निवासी प्रदीप व सतीश शर्मा ने कहा कि पार्किंग न होने के कारण न चाहकर भी उसे अपनी गाड़ी सड़क पर खड़ी करनी पड़ी। उन्हें मालूम है ये गलत है, लेकिन क्या करे। गाड़ी खड़ी करने के लिए आसपास कोई खाली स्थान नहीं मिला। महेंद्र ने कहा कि बाजार में गाड़ी करने से कई बार मुश्किलें हो जाती है। सड़क पर चलने वाले दूसरों वाहनों से गाड़ियां रगड़ खा जाती है और नुकसान हो जाता है। राजेश ने कहा कि शहर में रेलवे रोड पर कम से कम एक पार्किंग तो होनी चाहिए। ताकि ग्राहक अपनी गाड़ियों को पार्किंग में खड़ी करके बाजार में बेफिक्र होकर खरीददारी कर सके। इससे ट्रैफिक में बाधा भी नहीं आएगी।
वर्जन...
रेलवे रोड पर नगर परिषद की ओर से पार्किंग की व्यवस्था के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। जगह चिन्हित करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जल्द ही यहां पर पार्किंग बनाई जाएगी और लोगों की समस्या का समाधान होगा।
-संजय रोहिल्ला, ईओ, नगर परिषद, बहादुरगढ़।