बाल भवन में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कई
शैक्षिक-सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें करीब दो दर्जन स्कूलों के
विद्यार्थियों ने प्रतिभा प्रदर्शन किया। बतौर मुख्यातिथि पहुंचे डीसी डीके
बेहेरा ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद चाचा नेहरू की
प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए।
इस मौके पर जिला बाल कल्याण परिषद के
अध्यक्ष एवं डीसी डीके बेहेरा ने कहा कि हमें अपने आसपास जो भी शिक्षा से
वंचित बच्चे दिखाई दें, उन्हें सरकारी स्कूल में भेजने के लिए प्रेरित
करें। इसके अलावा पुराने खिलौने देकर उन्हें खुशियां दे सकते हैं।
कार्यक्रम में एडीसी अमित खत्री, सिविल सर्जन डॉ. शिवकुमार, सीटीएम मनोज
खत्री, जिला बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष मधुमिता बेहेरा, डॉ. श्वेता
खत्री, मीनाक्षी, भावना खत्री के अलावा मॉडल स्कूल सेक्टर-4 की प्रिंसिपल
विजय बल्हारा मौजूद रहे।
प्रतिभा के बूते बटोरी तालियां
कार्यक्रम
में सबसे नन्ही प्रतिभागी अंजलि, बनतृप्त और दीया ने एकल नृत्य प्रदर्शन
करके तालियां बजाने पर विवश कर दिया। जिंदरान गांव की रेणु ने कन्या
भ्रूणहत्या के खिलाफ एक गीत सुनाया, जिस पर उसे 1100 रुपये का पुरस्कार
दिया गया। इसके साथ ही स्वागत गीत और समूह नृत्य में भी विद्यार्थियों ने
खूब तालियां बटोरी। इस दौरान एकल नृत्य, समूह नृत्य, पोस्टर मेकिंग,
स्केचिंग, क्विज, क्ले मोल्डिंग, रंगोली, फैंसी ड्रेस, मोनो एक्टिंग, एकल
गान, देशभक्ति समूह गान, समूह नृत्य, एकल नृत्य और भाषण प्रतियोगिता भी
हुई।
इसमें मॉडल स्कूल मुख्य ब्रांच, डीएवी, शिक्षा भारती, पठानिया पब्लिक,
एचडी, जॉन वेस्ले, संस्कार वैली, संस्कृति, विश्वकर्मा, सुखपुरा राजकीय
हाई स्कूल, संस्कार पब्लिक, आईबी, सेक्टर-4 मॉडल, स्कॉलर रोजरी, गांधी कैंप
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जेड ग्लोबल, सिद्धार्थ, बाबा
मस्तनाथ, अर्पण, महेंद्रा मॉडल, ज्योति प्रकाश, केवीएम, शिवम मॉडल, जिंदरान
हाई स्कूल और सिल्वर हिल स्कूलों ने भाग लिया।