रोहतक। रोहतक के सिटी थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पेट दर्द होने के कारण बच्ची को गंभीर हालत में पीजीआईएमएस में भर्ती कराया। अल्ट्रासाउंड में बच्ची करीब साढ़े तीन माह की गर्भवती निकली। हालांकि, बच्ची का इलाज के दौरान ही गर्भपात हो गया। उस दौरान तो पीड़िता की हालत खराब हो गई थी, लेकिन अब थोड़ा सुधार है। अभी पीड़िता कुछ बोल नहीं पा रही है। पुलिस ने पीड़ित परिजन की शिकायत पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिटी थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में पीड़ित परिवार रहता है और पिता मजदूरी करके परिवार का लालन पालन करते हैं। मंगलवार को उनकी 10 साल की बेटी को पेट में तेज दर्द हुआ और गंभीर हालत में दंपती उसे पीजीआईएमएस लेकर गए। डॉक्टरों ने जांच की तो कुछ गड़बड़ लगी और आनन-फानन बच्ची का अल्ट्रासाउंड कराया गया। अल्ट्रासाउंड देखकर डॉक्टर दंग रह गए। बच्ची करीब साढ़े तीन माह की गर्भवती थी। जब बच्ची का इलाज शुरू किया गया तो उसे लेबर पेन हो गया और गर्भपात हो गया और बच्ची बेहोश हो गई। किसी तरह चिकित्सक बच्ची को होश में लाए।
काम पर चले जाते थे माता-पिता,
सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और माता-पिता से बात की, लेकिन उन्होंने घटना की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। उन्होंने बताया कि यह कब घटना हुई और किसने की है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। वह अकसर काम पर चले जाते थे। वहीं, बच्ची को होश आया तो उससे बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह कुछ बोल नहीं पा रही है। वहीं, चिकित्सकों की ओर से बच्ची की काउंसिलिंग की जा रही है। इस घटना के संबंध में पुलिस से बातचीत कोशिश करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
-
मंगलवार को बच्ची गंभीर हालत में पीजीआईएमएस में भर्ती कराई गई थी। उस समय उसे लेबर पेन था और बच्ची काफी असहज थी। अल्ट्रासाउंड से गर्भवती होने की जानकारी हुई और कुछ ही देर बाद बच्ची का गर्भपात हो गया। करीब साढ़े तीन माह का गर्भ था। बच्ची की हालत में पहले से थोड़ा सुधार है, लेकिन वह अभी बात नहीं कर पा रही है। दिमागी हालत को देखते हुए उसकी काउंसिलिंग कराई जा रही है।
- डॉ. पुष्पा दहिया, विभागाध्यक्ष स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग।