02जेएनडी27-हमेटी में पांच दिवसीय प्रशिक्षण के समापन पर मौजूद किसान। स्रोत हमेटी
जींद। हमेटी में पांच दिन से चल रहे प्राकृतिक खेती के प्रचारक कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन के प्रशिक्षण का समापन हुआ। निदेशक डॉ. कर्मचंद ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए हर ब्लॉक में 125-125 एकड़ के 150 क्लस्टर विकसित करने का निश्चय किया है।
इसके लिए खंड स्तर पर 100-100 किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से चिह्नित कर लिया गया है जो अब प्राकृतिक तरीके से खेती करेंगे। डॉ. कर्मचंद ने कहा कि जहरीले कीटनाशकों व उर्वरकों के प्रयोग ने हमारे फल, सब्जी व अन्य खाद्यान्नों को जहरीला बना दिया है। इसके खाने से कैंसर, हृदय घात जैसी भयंकर बीमारियां बढ़ रही हैं।
जमीन में लाभकारी जीवाणुओं के नष्ट होने से भूमि भी बंजर हो रही है। इसलिए आज हमारे लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना अनिवार्य हो गया है। हमेटी के प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षक डॉ. सुभाष चंद्र ने कहा कि इस प्रशिक्षण में हरियाणा के विभिन्न जिलों के 70 किसानों ने हिस्सा लिया।
हरियाणा में 300 किसानों को बतौर कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन चुना गया है जो प्राकृतिक खेती के प्रचार प्रसार में विशेष भूमिका निभाएंगे। इन सभी 300 सीआरपी किसानों को हमेटी में पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसमें किसानों को गुरुकुल कुरुक्षेत्र व चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के प्राकृतिक खेती के फार्मों पर भ्रमण भी करवाया जाता है ताकि किसान प्राकृतिक खेती में वैज्ञानिक पहलू को समझ सके व प्राकृतिक तकनीक के परिणाम भी देख सके।