करीब दो साल के बेटे को नहलाने के लिए पति की फटकार पत्नी बर्दाश्त न कर सकी। उसने ट्रेन के आगे आकर सुसाइड कर लिया। बुधवार को रेलवे ट्रैक पर मिली एक अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त मालती के रूप में हुई। जीआरपी सहायक उपनिरीक्षक जगदीश शर्मा ने बताया कि मृतका के बाजू में मालती लिखा था। मालती अपने पति मुकेश के साथ झज्जर चुंगी के निकट मजदूरी करती थी।
उन्होंने बताया कि मूलरूप से उत्तर प्रदेश झांसी के मऊरानीपुर गांव डकरवारा गांव वासी मुकेश कुमार चार साल से रोहतक की रामगोपाल कालोनी में गली नंबर-13 में रह रहा था। दंपति का पौने दो साल का बेटा विकास भी है। विकास को नहलाने को लेकर मुकेश और मालती के बीच कहासुनी हुई थी। मुकेश के मुताबिक इसके बाद वह मजदूरी के लिए चला गया। मालती उसके साथ काम पर नहीं गई। उसने सोचा वह घर पर ही है, लेकिन शाम को सुसाइड की जानकारी मिली।