हरियाणा के रोहतक में कलानौर के खेरड़ी मोड़ के पास नेशनल हाइवे 152 डी के गोल चक्कर पर रविवार दोपहर बाद कार सवार युवक दिल्ली के बारदाना व्यापारी पर गोलियां चलाकर 2.25 लाख रुपये लूटकर ले गए। लाखों रुपये की राशि दूसरे बैग में बच भी गई। लुटेरे पिकअप में सवार होकर आए थे, जो सीसीटीवी कैमरे में कार को टक्कर मारते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली के रोहिणी सेक्टर आठ निवासी सुरेंद्र बारदाने का काम करता है। वह रविवार को राशि लेने पहले चरखी दादरी व फिर भिवानी गया। दोपहर बाद करीब चार बजे खेरड़ी मोड़ से पहले 152 डी के गोल चक्कर पर पहुंचा। तभी पीछे से तेज गति से आई पिकअप ने सीधी टक्कर मार दी। दा बार टक्कर लगने से कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जांच करती पुलिस, गाड़ी पर लगी हुई गोली।
व्यापारी ने अपनी कार रोक दी। तभी पिकअप में सवार दो युवक नीचे उतरे और व्यापारी की कार पर चार-पांच राउंड गोलियां चलाईं। दो गोली कार में जा धंसी। गनमीत यह रही कि गोली व्यापारी को नहीं लगी। इसके बाद लुटेरे कार के अंदर से 2 लाख 25 हजार रुपये लूटकर ले गए। मामले की सूचना पुलिस हेल्प लाइन नंबर 112 पर दी गई। सीआईए व कलानौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका।
दो राउंड मिस, भिवानी रोड स्थित टोल पर दिखी गाड़ी
सीआईए प्रथम व कलानौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की गहराई से जांच की। इसके बाद नेशनल हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पिकअप चालक पीछे से कार को टक्कर मारता दिखाई दे रहा है। इसके अलावा वहीं पिकअप भिवानी रोड स्थित टोल से भी गुजरते दिखाई दे रही है। इससे साफ है कि लुटेरे भिवानी से ही व्यापारी का पीछा कर रहे थे।
व्यापारी सात लोगों से लेकर आया था राशि , पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस को व्यापारी ने बताया कि चरखी दादरी व भिवानी से सात जगह से राशि लेकर आया है। अब पुलिस उन लोगों से बातचीत कर रही है, जहां से रुपये लिए गए। हालांकि लुटेरों का सुराग नहीं लग सका है।
दिल्ली के व्यापारी से 2 लाख 25 हजार रुपये की लूट हुई है। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पिकअप सवार युवकों के खिलाफ लूट व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। - राजबीर सिंह, प्रभारी थाना कलानौर