रोडवेज बस चालक के ऊपर मदीना में एक लड़के ने पानी से भरा गुब्बारा फेंक दिया। गुब्बारा सीधा चालक की आंख में लगा, इससे चालक को कुछ देर के लिए दिखाई देना बंद हो गया। इसके बाद रोहतक डिपो से दूसरे चालक को भेजकर बस को गुरुग्राम रवाना किया गया।
दरअसल, रोहतक डिपो की बस लेकर चालक विनोद कुमार सुबह साढ़े पांच बजे सिरसा के लिए रवाना हुए। वह सिरसा से करीब साढ़े दस बजे बस लेकर गुरुग्राम की ओर चले।
रोहतक पहुंचने से पहले मदीना में बीच सड़क पर भैंस आकर खड़ी हो गई। चालक विनोद ने खिड़की खोली और ग्रामीण से बस को किनारे करने को कहा। लेकिन तब तक पास में ही खड़े लड़कों के समूह मेें से एक ने पानी से भरा गुब्बारा उनकी ओर फेंक दिया। गुब्बारे सीधा विनोद की आंख में जा लगा। गुब्बारा लगने से चालक को दिखाई देना बंद हो गया। उसने तुरंत पानी से आंख को धोया, लेकिन खास फायदा नहीं हुआ। आंख से धुंधला दिखाई दे रहा था।
इसके बाद विनोद ने तत्काल रोहतक डिपो के ड्यूटी सेक्शन में फोन किया और घटना से अवगत कराया। डीआई सेक्शन में तैनात हरदीप कुमार ने तुरंत एक चालक को वहां भेजा और गुरुग्राम के लिए बस को रवाना करवाया। ड्यूटी सेक्शन के प्रवीण, गुलाब सिंह नरवाड़ा और कप्तान किलोई सिंह ने बताया कि जब चालक विनोद डिपो पहुंचा तो उसकी आंख लाल थी। इसके बाद उसे दवाई के लिए अस्पताल भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद विनोद को दिखाई देने लगा।
टीका लगाकर खेलें होली, पानी का प्रयोग न करें
डिपो के महाप्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि ऐसे मौके पर लोगों को ध्यान देना चाहिए कि उनके बच्चे इस तरह की शरारत न करें। अभिभावक को भी टीका लगाकर होली खेलने और पानी का प्रयोग नहीं करने की सीख बच्चों को देनी चाहिए। इससे सुरक्षित और स्वास्थ्य त्योहार मनाया जा सकता है।
आज डिपो से नहीं चलेंगी बसें
होली पर्व के चलते रोहतक डिपो से बस सेवा बंद रहेगी। सोमवार को लोकल और लंबे रूटों की सेवाएं प्रभावित होंगी। रोहतक डिपो के 165 से अधिक रूटों पर संचालित होने वाली बसों के पहिये होली के मद्देनजर थम जाएंगे। जीएम राहुल जैन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया जाता है। कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं कि गांव में लोग बसों को रोककर यात्रियों से दुर्व्यवहार करते हैं। इसलिए बसों का संचालन नहीं किया जाता है।