ऑटो सवार छात्राओं का पीछा करना तीन बाइक सवार युवकों को भारी पड़ गया। मर्दानी बनी छात्राओं ने पीछा कर रहे युवकों को भरे चौराहे पर माफी मंगवाई तो तीनों गिड़गिड़ाने लगे। यही नहीं, महिला थाने में मनचलों को लिखित में भी माफी मांगनी पड़ी। इस पर छात्राओं ने तो माफ कर दिया, लेकिन शराब पीने और ट्रिपल राइडिंग के आरोप में पुलिस ने तीनों युवकों का चालान काट दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर मेडिकल मोड़ से गोहाना अड्डे की ओर ऑटो से तीन-चार छात्राएं जा रही थीं। डीपार्क से उनके पीछे एक बाइक पर सवार तीन युवक लग गए। युवक कभी बाइक ऑटो के आगे लगा देते तो कभी पीछे और कभी बगल में लगाकर छात्राओं पर फब्तियां कसते। इससे परेशान होकर छात्राओं ने सोनीपत स्टैंड पर ऑटो को रुकवा लिया और बाइक सवार युवकों पर बरस पड़ीं। बताते हैं कि लड़कियों का मर्दानी रूप देखकर युवकों को पसीना आ गया। भरे चौराहे पर गिड़गिड़ाकर युवकों ने छात्राओं से माफी मांगी, लेकिन छात्राओं ने तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। महिला थाने में तीनों युवकों ने लिखित में माफी मांगी तो छात्राओं ने कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। लेकिन पुलिस ने शराब पीने और ट्रिपल राइडिंग सहित तीन धाराओं का चालान थमा दिया। दो युवक बलियाणा गांव तो एक शहर का निवासी बताया जा रहा है।
शिक्षिका के साथ छेड़खानी, एक नामजद सहित तीन पर केस
तीन मनचलों द्वारा एक शिक्षिका के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। इस संबंध में महिला थाने में पीड़िता की शिकायत पर गरनावठी के मंजीत सहित तीन पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में शिक्षिका ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में पढ़ाती है। शिक्षिका का आरोप है कि रास्ते में खड़ा मंजीत अपने साथियों के साथ मिलकर अश्लील टिप्पणी करता है। कई दिनों से यही सिलसिला जारी था। महिला ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर को बस स्टैंड से अपने घर पैदल जा रही थी तभी मनजीत ने दो दोस्तों के साथ उसका पीछा करना शुरू कर दिया और रास्ता रोककर अश्लील टिप्पणी करने लगा। जैसे तैसे करके महिला अपने घर पहुंची। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।