रिठाल के नेशनल कबड्डी खिलाड़ी सुखविंद्र सिंह की हत्या गांव के ही एक युवक की मुखबिरी के बाद हुई। पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ सोमबीर को दबोच लिया है। पुलिस उसे शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी। वहीं, हत्या को अंजाम देने वाले आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई है। शनिवार को दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी दिखाई जा सकती है।
सदर थाना एसएचओ विजय दहिया ने बताया कि सोमबीर ने ही सुखविंद्र की मुखबिरी की थी। आरोपी ने पूछताछ में उगला कि वह कई दिनों से सुखविंद्र का पीछा कर रहा था। वारदात वाली सुबह से ही वह सुखविंद्र पर नजर रखे था। जैसे ही सुखविंद्र प्रेक्टिस के बाद घर की ओर चला तो उसने बदमाशों को लोकेशन दे दी, यह भी बताया कि सड़क सुनसान है। इसके बाद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
यह है मामला
बता दें कि रिठाल में मंगलवार शाम को स्कूटी सवार दो बदमाशों ने नेशनल कबड्डी खिलाड़ी सुखविंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह वारदात गांव के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। आरोपियों ने देवेंद्र उर्फ काला हत्याकांड का बदला लेने के लिए सुखविंद्र को मौत के घाट उतारा। बदमाश लंबे समय से वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। जून 2015 में हुए देवेंद्र काला हत्याकांड में सुखविंद्र का भाई नामजद है। इसी विवाद में मंगलवार को बदमाशों ने सुखविंद्र को निशाना बना लिया।