मदीना के युवक ने पास के गांव की युवती से दो दिन पहले की कोर्ट मैरिज
- फोटो : Demo pic
घर से भागे युवक-युवती कोर्ट मैरिज कर गांव लौटे तो हंगामा हो गया। पंचायत में बेदखली और तलाक की बात हुई तो जोड़ा गांव से चला गया। बताया जा रहा है कि लड़के के परिवार वालों ने पंचायत का साथ दिया और जोड़े को रोकने का प्रयास नहीं किया।
मामला रोहतक के निकटवर्ती गांव मदीना का है। गांव का एक युवक पड़ोस के गांव अजायब की एक लड़की के साथ फरार हो गया। चार जून को लड़की के परिजनों ने महम थाने में शिकायत दी। दो दिन पहले जोड़े ने कोर्ट मैरिज कर ली और गांव वापस आ गया। बताया जाता है कि मदीना और अजायब दोनों भाईचारे के गांव हैं। ऐसे में प्रेम विवाह पर ग्रामीण भड़क गए। इस मुद्दे पर शनिवार को दोनों गांवों की पंचायत बुलाई गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। पंचायत में फैसला हुआ कि ग्रामीणों के बरसों पुराने भाईचारे को कायम रखने के लिए इस विवाह को मंजूरी नहीं दी जा सकती। लड़के को गांव और परिवार से बेदखल करने से लेकर नव दंपति को तलाक के लिए राजी करने तक की बात हुई। काफी देर हंगामे और बहस के बाद लड़के के परिजन भी पंचायत के साथ खड़े हो गए और कहा कि हम पंचायत का फैसला मानने को तैयार हैं। गांववालों का विरोध देखकर देरशाम नवदंपति गांव से चले गए। ग्रामीणों को नहीं पता कि दोनों कहां गए हैं।
पहले भी चर्चाओं में रहा है महम चौबीसी
पंचायत और भाईचारे के फैसलों को लेकर महम चौबीसी पहले भी चर्चाओं में रहा है। चौबीसी चबूतरे पर लिए गए फैसले देशभर की सुर्खियां बने हैं। ऐसे में चौबीसी के बड़े गांव में शनिवार को हुई पंचायत इलाके में चर्चा में रही। हालांकि नवविवाहित जोड़ा पंचायत के बाद गांव से लौट गया।