एमडीयू में गार्डों को मारी टक्कर।
- फोटो : संवाद
महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि विश्वविद्यालय के गेट नंबर दो पर गुरुवार देर शाम कार सवार ने दो सुरक्षाकर्मियों को टक्कर मारी, फिर करीब 200 मीटर तक घसीटा। यही नहीं, वाहनों को रोकने के लिए लगाए गए दो बैरिकेड्स व पास में रखी कुर्सियां भी तोड़ डालीं। दोनों सुरक्षाकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
गुरुवार रात करीब 8 बजे एमडीयू के कारौर गांव निवासी गार्ड सतीश व शिमली निवासी मोहन गेट नंबर पर दो ड्यूटी दे रहे थे। सतीश व मोहन बैरिकेड्स से पास खड़े थे। इस बीच बाहर से एक कार आई। कार पहले धीमी रफ्तार से चली और पास आते ही कार की गति बढ़ गई।
आरोप है कि कार चालक ने पहले बैरिकेड्स उड़ाए और फिर वहां तैनात गार्डों को टक्कर मारकर करीब 200 मीटर दूर तक घसीटता ले गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता गेट नंबर दो से अंदर आया कार चालक हादसे के बाद वहीं से भाग निकला। साथी कर्मचारियों ने घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया।
सब कुछ पल भर में हो गया, कुछ समझ नहीं पाए
पीजीआई में भर्ती गार्ड सतीश ने बताया कार चालक पहले धीरे फिर तेज रफ्तार से आया। सब कुछ पल भर में हो गया। उसके इरादों को समझते इससे पहले ही वह हादसे को अंजाम देकर निकल गया। टक्कर मारकर वह उसी दरवाजे से बाहर भाग गया। टक्कर से उसके पैर की हड्डी टूट गई। सिर में भी चोट आई है। दूसरे गार्ड मोहन के सिर व कनपटी पर चोट लगी है। चोट लगने के बाद से वह बेसुध है।
गेट नंबर दो पर पहले भी हो चुका है हादसा
एमडीयू में वाहन चालक की टक्कर से एक साल पहले एक गार्ड की मौत हो चुकी है। कैंपस में छात्रा से अभद्रता कर भाग रहे बाइक सवार ने गेट नंबर दो पर ही गार्ड को टक्कर मारी थी। इस हादसे में गार्ड के सिर में चोट लगने से जान गई थी। इसके बाद विवि की सुरक्षा पुख्ता बनाने का मुद्दा जोर शोर से उठा था। अब फिर हादसा हुआ है। यही नहीं, हादसे के बाद कार चालक साफ बच निकला। ऐसे में विवि की सुरक्षा व सुरक्षा अधिकारियों की कार्यप्रणाली दोनों सवालों के घेरे में खड़ी नजर आती है।
एमडीयू में हादसे की सूचना मिली है। इसमें दो गार्ड घायल हुए हैं। इनका पीजीआई में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
-रतनलाल, प्रभारी, पीजीआईएमएस थाना।