हरियाणा के रोहतक में सीआईए प्रथम ने सड़क ठेकेदार के घर गद्दी खेड़ी में अंधाधुंध फायरिंग के अरोपी, फरार चल रहे पांच हजार के इनामी वांछित अभियुक्त सूरज उर्फ डकैत निवासी रैनकपुरा को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए प्रथम प्रभारी अनेश कुमार ने बताया कि आठ मार्च 2023 को गद्दी खेड़ी गांव निवासी आशीष ने शिकायत दी थी कि उसकी बसंतपुर गांव निवासी अजय के साथ दोस्ती है। करीब सात-आठ महीने पहले राहुल उर्फ बाबा निवासी खिड़वाली व प्रवीण निवासी मोखरा ने अजय के पैर तोड़ दिए थे। आशीष अजय के पास आता जाता रहता है, इसी बात को लेकर सात मार्च को परवीन व राहुल ने आशीष के पास फोन कर अजय के पास आना-जाना छोड़ने को कहा। न मानने पर जान से मारने की धमकी दी।
आठ मार्च की रात को 20 से 25 युवक गाड़ियों में सवार होकर आशीष के घर पर आए। जैसे ही आशीष घर से बाहर निकला तो युवकों ने गेट के ऊपर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आशीष अपना बचाव करते हुए अंदर भाग गया। युवक गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। मामले में रैनकपुरा निवासी सूरज उर्फ डकैत फरार चल रहा था, जिसके ऊपर पुलिस ने पांच हजार का इनाम घोषित किया था।
रविवार को एएसआई विनोद देशवाल के नेतृत्व में सीआईए की टीम ने उसे दबोच लिया। वारदात में पांच आरोपियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया की आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ रोहतक जिला पुलिस ने हत्या का प्रयास व चोरी सहित तीन केस दर्ज कर रखे हैं, जिनमें आरोपी फरार चल रहा था।