फाइनेंसरों की पिटाई से आहत कबाड़ व्यापारी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसको तुरंत नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार निजी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने परिजनों के बयान ले लिए हैं। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जींद शहर में फाइनेंसरों की प्रताडऩा से आत्महत्या करने का यह दूसरा मामला है।
जैन नगर निवासी 50 वर्षीय सतीश कुमार कबाड़ का काम करता था। आरोप है कि उन्होंने कुछ महीने पहले फाइनेंसर विकास और प्रवीण पर 15 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। शनिवार शाम वह ब्याज पर लिए हुए पैसों की किश्त दो हजार रुपये कुंदन सिनेमा स्थित फाइनेंसरों के दफ्तर में जमा करवाने गया था।
आरोप है कि वहां पर फाइनेंसरों ने गाली-गलौज कर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद वह सिटी स्टेशन पर चला गया और वहां पर उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन ढूंढते-ढूंढते उसे सिटी स्टेशन पहुंचे तो पता चला कि उसने जहरीला पदार्थ खाया हुआ है।
इस पर परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे शहर के निजी अस्पताल ले गए। वहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।