लंबे समय से डिग्री विवाद के संबंध में तनाव झेल रहे फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) के विद्यार्थियों के लिए यह खबर राहत भरी हो सकती है। संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों को डिग्री कौन देगा, इसका फैसला सुप्रीम कोर्ट में एक अगस्त की सुनवाई को हो जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने इस तिथि को अंतिम फैसला देने के लिए कहा है।
देश भर में एफडीडीआई के रोहतक समेत अन्य राज्यों में आठ संस्थान हैं। इनमें लगभग चार हजार विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इन संस्थानों की डिग्री पर काफी समय से विवाद है। मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। अदालत में छात्रों ने अपना पक्ष रखा था कि मामले की सुनवाई जल्द की जाए, जिससे उनका भविष्य बर्बाद होने से बच सके। अब मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने अंतिम फैसले के लिए एक अगस्त की सुनवाई तय की है। कोर्ट में केस दायर करने वाले छात्र संदीप प्रियदर्शी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की तरफ से मामले पर एक अगस्त को अंतिम फैसला हो जाएगा। छात्र का कहना है कि उम्मीद है कि कोर्ट का फैसला छात्रों के हित में आएगा। गौरतलब है कि कोर्ट के अंतिम फैसले तक संस्थान ने परीक्षाएं भी स्थगित कर दी हैं। कोर्ट का फैसला क्या आता है उसी आधार पर परीक्षाएं कराई जाएंगी।